दहेज प्रताड़ना से नवविवाहिता की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई, तीन माह बाद पति और ससुर गिरफ्तार

दुर्ग जिले के नंदिनी नगर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने वाली नवविवाहिता के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी घटना के बाद से लगातार पुलिस से बचते हुए फरार थे। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सिमगा क्षेत्र में घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। इसके बाद दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार, नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम सहगांव में 7 अप्रैल 2026 को एक नवविवाहिता ने आत्महत्या कर ली थी। जांच के दौरान सामने आया कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा लगातार दहेज की मांग की जा रही थी। दहेज नहीं मिलने पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था, जिससे परेशान होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया।
प्रकरण की जांच के बाद पुलिस ने दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या से जुड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया। केस दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी पति युवराज पटेल (29) और ससुर ओम प्रकाश पटेल (58) घर छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
इसी दौरान सूचना मिली कि दोनों आरोपी सिमगा क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि नवविवाहिता को लगातार दहेज के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी प्रताड़ना के चलते उसने आत्महत्या की। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और इस प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।











