इंदौर रेलवे स्टेशन पर टली बड़ी अनहोनी, चलती ट्रेन के आगे कूदे 79 वर्षीय वृद्ध, सिपाही ने मौत के मुंह से खींच निकाला

इंदौर। शहर के व्यस्ततम रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब प्लेटफार्म क्रमांक तीन पर एक 79 वर्षीय वृद्ध ने चलती ट्रेन के सामने लेटकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। मामला था जीआरपी इंदौर थाना क्षेत्र का। बुधवार दोपहर में जीआरपी कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि इंदौर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर एक वृद्ध व्यक्ति अवंतिका एक्सप्रेस के सामने लेट गया है।
सूचना मिलते ही आरक्षक 82 चेतन नरवले ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर अदम्य साहस और तत्परता का परिचय दिया। उन्होंने तेजी से स्थिति को संभालते हुए वृद्ध को सुरक्षित ट्रैक से हटाया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। वृद्ध घबराए हुए और मानसिक रूप से व्यथित नजर आ रहे थे। पुलिस ने उन्हें समझाइश दी और शांत कराया।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम सीखरचंद जैन (उम्र 79 वर्ष) निवासी वर्धमान कालोनी, गोल कुआं सागर, हाल कपड़ा मार्केट इंदौर बताया। उनके पास मिली डायरी से पोते रत्नेश जैन का मोबाइल नंबर प्राप्त हुआ। संपर्क करने पर पता चला कि वे घर से नाराज होकर बिना बताए चले गए थे।
कुछ ही देर में पोते रत्नेश जैन थाना पहुंचे और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद वृद्ध को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। जीआरपी की त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता ने न केवल एक परिवार को टूटने से बचाया, बल्कि यह संदेश भी दिया कि पुलिस सिर्फ कानून की रखवाली ही नहीं करती, बल्कि मानव जीवन की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।

close