हाई वोल्टेज से मीटर ब्लास्ट, फैंसी स्टोर में लगी भीषण आग: लाखों का सामान जलकर राख

शहर के जरहाभाठा मंदिर चौक इलाके में हाई वोल्टेज के कारण बिजली मीटर ब्लास्ट होने से एक फैंसी स्टोर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मीटर ब्लास्ट के बाद तेजी से फैली आग
दुकान संचालक विजय राजगीर ने बताया कि उनके घर के नीचे फैंसी स्टोर संचालित होता है, जबकि परिवार ऊपर की मंजिल में रहता है। सुबह करीब 10 बजे अचानक हाई वोल्टेज के कारण दुकान का बिजली मीटर ब्लास्ट हो गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर जब वे नीचे पहुंचे तो दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया।
स्थिति गंभीर होते देख परिवार के सभी सदस्यों को तुरंत बाहर निकाला गया। दुकान में बड़ी मात्रा में फैंसी सामान भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में लपटें बाहर तक दिखाई देने लगीं।
दमकल पहुंचने में देरी से बढ़ा नुकसान
घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई, लेकिन दमकल वाहन मौके पर पहुंचने में करीब पौन घंटा लग गया। इस दौरान आग और भड़कती चली गई। स्थानीय लोगों और व्यापारियों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। बाद में एसडीआरएफ की टीम दो दमकल वाहनों के साथ पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया कि एक दमकल के पानी से ही आग बुझाने में सफलता मिली। मौके पर सिविल लाइन थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम भी पहुंची थी।
20 लाख से ज्यादा के नुकसान का दावा
दुकान संचालक के मुताबिक आग में करीब 20 लाख रुपए का सामान जलकर नष्ट हो गया। उन्होंने मामले की शिकायत सिविल लाइन थाने में दर्ज कराई है। घटना के बाद क्षेत्र में बिजली व्यवस्था और दमकल सेवा की तत्परता को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।











