जंगल में हाथी के हमले से अधेड़ की मौत, ग्रामीणों में दहशत

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही वन मंडल के सिवनी बीट स्थित डडिंया जंगल में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। महुआ बीनने गए 55 वर्षीय त्रिलोचन सिंह पर जंगली हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक डडिंया गांव के निवासी थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक नर हाथी कटघोरा वन मंडल के पसान क्षेत्र से होते हुए 2 अप्रैल को मरवाही वन क्षेत्र में प्रवेश किया था। यह हाथी अलग-अलग जंगलों से गुजरते हुए शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे डडिंयाडोंगरी जंगल पहुंचा। इसी दौरान जंगल में महुआ बीन रहे त्रिलोचन सिंह पर उसने अचानक हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम, सिवनी बीट के वनरक्षक शाहिद खान, ग्राम पंचायत पोंडी के सरपंच हेमचंद मरावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे दिन या रात किसी भी समय जंगल में महुआ बीनने, लकड़ी लाने या अन्य कार्यों के लिए न जाएं। साथ ही पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है और क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com