रायपुर पहुंचे सांसद विवेक तन्खा, केंद्र सरकार को बताया पूंजीवादियों की सरकार

रायपुर। Vivek Tankha शनिवार को रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3261 के कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता जताई। साथ ही छत्तीसगढ़ को अपना दूसरा घर बताया।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
केंद्र सरकार के लगभग 12 वर्षों के कार्यकाल पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद तन्खा ने कहा कि वर्तमान सरकार में पूंजीपतियों का प्रभाव बढ़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते वर्षों में आम जनता को कई आर्थिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, जो नीतिगत विफलताओं को दर्शाता है।
महंगाई और एलपीजी कीमतों पर उठाए सवाल
बढ़ती महंगाई और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को लेकर सांसद तन्खा ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और इसका सबसे ज्यादा असर मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण जरूर हैं, लेकिन सरकार को आम लोगों को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
“छत्तीसगढ़ मेरा दूसरा घर”
रायपुर दौरे को निजी बताते हुए तन्खा ने कहा कि रोटरी उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और पश्चिम ओडिशा के उत्कृष्ट कार्य करने वाले रोटरी लीडर्स को सम्मानित किया जाएगा। नेपाल से भी रोटरी इंटरनेशनल के एक डायरेक्टर कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं।
पुराने दिनों को किया याद
सांसद तन्खा ने कहा कि वकालत के दिनों में उनका छत्तीसगढ़ से गहरा जुड़ाव रहा है। जब वे जबलपुर में प्रैक्टिस करते थे, तब छत्तीसगढ़ क्षेत्र के कई कानूनी मामलों से उनका संपर्क रहता था। रायपुर और बिलासपुर का उनका नियमित आना-जाना रहा है, इसलिए यहां आकर उन्हें अपने दोस्तों और परिचितों के बीच होने जैसा महसूस होता है।









