चोरी के विवाद में भाजपा नेत्री से मारपीट, VIDEO वायरल: युवक को चप्पल से पीटने के बाद दूसरे पक्ष ने बाल खींचे और हाथ मरोड़ा

बिलासपुर जिले के रतनपुर में चोरी के पुराने विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना मां महामाया मंदिर के गेट के पास की बताई जा रही है। विवाद से जुड़े दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में भाजपा महिला मोर्चा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की महामंत्री रेहाना बेगम एक युवक को चप्पल से पीटती नजर आ रही हैं। वहीं, सामने आए दूसरे वीडियो में कुछ लोग रेहाना बेगम के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
दूसरे पक्ष ने भाजपा नेत्री से की मारपीट
वायरल वीडियो में एक युवक रेहाना बेगम का हाथ मरोड़ता दिखाई दे रहा है। इसके बाद एक महिला उनके बाल खींचती है और थप्पड़ मारती नजर आती है। रेहाना बेगम ने आरोप लगाया है कि मोंटी धीवर के फोन के बाद वह मौके पर पहुंची थीं। वहां राजा पटेल, मेघा पटेल, ईश्वर प्रधान और राजू शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
रेहाना ने आरोप लगाया कि राजू शर्मा ने उनका दाहिना हाथ मरोड़ा और जान से मारने की धमकी भी दी।
पहले युवक को चप्पल से पीटने का VIDEO हुआ था वायरल
इससे पहले सामने आए वीडियो में रेहाना बेगम बाइक से उतरकर एक युवक को चप्पल से मारती नजर आई थीं। बताया जा रहा है कि चोरी के पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।
करीब एक सप्ताह पहले चोरी को लेकर हुआ था विवाद
होटल संचालक तुषार पटेल के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले उनकी दुकान से सामान चोरी हुआ था। शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे उन्होंने रेहाना बेगम की फूल दुकान पर काम करने वाले करिया उर्फ मनोज से चोरी के संबंध में पूछताछ की थी।
इसके बाद कर्मचारी मोंटी ने रेहाना बेगम को फोन कर मौके पर बुलाया। रेहाना के वहां पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई।
बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों से भी मारपीट का आरोप
तुषार पटेल का आरोप है कि विवाद शांत कराने पहुंचीं उनकी बहन मेघा प्रधान और ईश्वर प्रधान के साथ भी मारपीट की गई। मेघा के भाजपा की मंडल सोशल मीडिया प्रभारी होने की बात सामने आई है।
वहीं, रेहाना बेगम का कहना है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की और घटना का वीडियो भी सामने आया है।
दोनों पक्षों ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद दोनों पक्षों ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर पूरे विवाद की जांच कर रही है।











