सीधी: गोपाल दास डैम पर एनडीआरएफ की मॉक ड्रिल, डूबते लोगों का किया सफल रेस्क्यू

सीधी: गोपाल दास डैम पर तैनात राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की 11वीं वाहिनी वाराणसी द्वारा बाढ़ आपदा पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. इस दौरान बचाव दल की सतर्कता, त्वरित प्रतिक्रिया और मानव जीवन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रभावी प्रदर्शन देखने को मिला. मॉक ड्रिल के तहत परिकल्पित स्थिति में एक सिविल बोट पर सवार तीन-चार व्यक्ति बोटिंग के दौरान सेल्फी लेते समय असंतुलित होकर पानी में गिर गए और डूबने लगे.

घटना की सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ एवं एनडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ किया. प्रशिक्षित बचाव कर्मियों ने डूबते हुए व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला, प्राथमिक उपचार प्रदान किया तथा आवश्यकतानुसार उन्नत उपचार के लिए अस्पताल भेजा. टीम की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई ने संभावित जनहानि को टालते हुए आपदा प्रबंधन में उनकी दक्षता को प्रदर्शित किया.

उल्लेखनीय है कि यह मॉक ड्रिल उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित की गई. एनडीआरएफ नागरिकों की सुरक्षा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर है. यह अभ्यास बल के आदर्श वाक्य “आपदा सेवा सदैव तत्पर” को चरितार्थ करता है.

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट एल.बी. कोल, आरआई वीरेन्द्र कुंवरे, थाना प्रभारी जमोड़ी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, थाना प्रभारी सेमरिया केदार परौहा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.

close