PWD के ठेकेदार के ठिकानों पर इनकम टैक्स की रेड:जयपुर से पहुंची टीम ने ऑफिस में खंगाले दस्तावेज; पेपरलीक में SOG कर चुकी है गिरफ्तार

बाड़मेर में PWD के ठेकेदार भजनलाल विश्नोई के घर मंगलवार को इनकम टैक्स (आईटी) की टीम ने छापा मारा। चौहटन सर्किल के पास ठेकेदार के ऑफिस में इनकम टैक्स की टीम दस्तावेज को खंगाल रही है। फिलहाल फर्म के लेन-देन को लेकर जांच करने की बात कही गई है।

जानकारी के अनुसार, इनकम टैक्स विभाग की टीम चार गाड़ियों में शाम करीब 5 बजे पहुंची। टीम ने आते ही ऑफिस में आवाजाही पर रोक लगा दी और कागजात खंगालना शुरू कर दिया। इस दौरान भजनलाल विश्नोई भी ऑफिस में ही मौजूद था। देर रात तक सर्च जारी रहा।

दरअसल, भजनलाल विश्नोई को कांग्रेस का करीबी माना जाता है। वे कांग्रेस की ओर से निकाली गई सद्भावना यात्रा में भी शामिल हुए थे।

वहीं करीब ढाई साल पहले रीट पेपर लीक मामले में भजनलाल गिरफ्तार हो चुका है। उस समय उनके घर पर ईडी की रेड पड़ी थी।

पहले भी SOG कर चुकी है गिरफ्तार

करीब ढाई साल पहले रीट पेपर लीक मामले में भजनलाल विश्नोई और उसकी भतीजी सोहनी देवी को एसओजी ने गिरफ्तार किया था। उस समय 71 लाख रुपए के साथ कुछ सबूत भी जब्त किए गए थे।

सोहनी देवी को परीक्षा में बैठना था। इसके लिए भजनलाल ने पेपर खरीदा था। वही पेपर उसने दूसरों को भी बेचे थे। करोड़ों रुपयों का लेन-देन हुआ था। इसके बाद ईडी की टीम बाड़मेर शहर के महावीर नगर में भजनलाल के घर पहुंची थी और दस्तावेज जब्त किए थे।

जानकारी के अनुसार, बाड़मेर के महावीर नगर निवासी एए क्लास ठेकेदार भजनलाल विश्नोई चौहटन को पूर्व विधायक पदमाराम का करीबी माना जाता है। पेपरलीक मामले में जब एसओजी ने भजनलाल को महावीर नगर के मकान से पकड़ा था, तब कई विधायकों ने भी भजनलाल को बचाने के लिए अप्रोच लगाई थी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close