छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश बॉर्डर पर 7 नक्सलियों के मारे जाने की खबर:जहां हिड़मा मारा गया, वहीं एनकाउंटर; देवजी के इनपुट पर निकले थे जवान

छत्तीसगढ़-आंध्रप्रदेश बॉर्डर पर सुरक्षाबलों ने 7 नक्सलियों को मार गिराया है। 18 नवंबर की सुबह जिस जगह पर नक्सली लीडर हिड़मा मारा गया था, उसी इलाके में फिर से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है।
बता दें कि सुरक्षा एजेंसियों को इलाके में नक्सल संगठन के टॉप लीडर, पोलित ब्यूरो सदस्य और महासचिव देवजी की मौजूदगी के इनपुट मिले थे। इसके बाद जवानों को इलाके में भेजा गया था।
इसी इलाके में एक दिन पहले हिड़मा, उसकी पत्नी सहित 6 नक्सलियों को ढेर किया गया था। फिलहाल सुरक्षाबल आंध्र प्रदेश के अल्लुरी सीताराम राजू जिले के मारेडुमिल्ली के घने जंगलों में मौजूद हैं और सर्च ऑपरेशन जारी है।
एक दिन पहले मारा गया हिड़मा
छत्तीसगढ़-आंध्र प्रदेश बॉर्डर पर मरेडमिल्ली जंगल में 18 नवंबर की सुबह मुठभेड़ में माड़वी हिड़मा मारा गया। हिड़मा देश के सबसे खतरनाक नक्सल कमांडरों में शामिल था। इसके साथ ही उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का और 4 अन्य नक्सलियों भी इस एनकाउंटर में मारे गए।
26 से ज्यादा बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड
हिड़मा पिछले 2 दशक में हुए 26 से ज्यादा बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है। इनमें 2010 दंतेवाड़ा हमला भी शामिल है, जिसमें 76 CRPF जवान शहीद हुए थे। इसके अलावा 2013 में झीरम घाटी हमले, 2021 सुकमा-बीजापुर हमले में भी हिड़मा की भूमिका रही है।








