Teacher Recruitment Exam पर घमासान, पुलिस कार्रवाई के बाद आंदोलन और तेज

शिखिल ब्यौहार, भोपाल। Teacher Recruitment Exam Protest: राजधानी भोपाल में आज शिक्षक भर्ती परीक्षा में पद वृद्धि को लेकर अभ्यर्थियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। भूख हड़ताल पर बैठे नरेंद्र राजपूत को हटाने के बाद अभ्यर्थियों का गुस्सा और बढ़ गया। आज से 3 अभ्यर्थी भूख हड़ताल पर बैठ गए। वहीं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पीसी शर्मा नीलम पार्क पहुंचे। उन्होंने कहा कि लाड़ली बहनों की पुकार सरकार क्यों नहीं सुन रही? 2 महिला अभ्यर्थी राखी लेकर भूख हड़ताल पर बैठ गई। उन्होंने कहा कि वे रक्षा बंधन यहीं मनाएंगे।

21 अगस्त से जारी है आंदोलन

शिक्षक भर्ती 2025 के वर्ग-2 और वर्ग-3 में पद वृद्धि की मांग को लेकर भोपाल के नीलम पार्क में चल रहा आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। यह आंदोलन बीते 21 अगस्त से जारी है। कर्मचारी नेता नरेंद्र राजपूत को पद वृद्धि की मांग पर भूख हड़ताल के दौरान कल पुलिस ने जबरन हिरासत में ले लिया था। उनके समर्थन में आज 3 नए अभ्यर्थियों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है।

आंदोलनकारी नीलम पार्क में डटे हुए हैं और सरकार से वर्ग-2 और वर्ग-3 में खाली पदों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि हजारों योग्य अभ्यर्थी भर्ती का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन पद कम होने से कई अभ्यर्थी बाहर हो जाएंगे। जब तक सरकार लिखित आश्वासन नहीं देती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उधर, वर्ग 01 में पद्मावती की मांग कर रहे वेटिंग शिक्षकों का आंदोलन जारी है। आमरण अनशन पर बैठी कीर्ति की तबीयत खराब है।

दिग्विजय सिंह ने दी हड़ताल की चेतावनी

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दिग्विजय सिंह ने अभ्यर्थियों के समर्थन में हड़ताल का ऐलान किया। उन्होंने नीलम पार्क पहुंचकर चेतावनी दी कि अगर शिक्षक दिवस तक पदवृद्धि नहीं होती तो हड़ताल करेंगे। उन्होंने आंदोलनकारियों के साथ 24 घंटे के लिए भूख हड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी।

‘खाली पदों पर गड़बड़ी कर बीजेपी के कार्यकर्ता भरना चाहते हैं’: पीसी शर्मा

मामले पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने सरकार पर अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शिक्षक सही मांग कर रहे हैं। शिक्षकों के तमाम वर्गों की संख्या देखी जाए तो 2 लाख के पार कमी का आंकड़ा निकलेगा। खाली पदों पर गड़बड़ी कर बीजेपी के कार्यकर्ता भरना चाहते हैं। प्रदेश में शिक्षकों की भारी कमी है, मांग पूरी होनी चाहिए।

BJP बोली – बातचीत से निकलेगा रास्ता

मामले पर बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता बीएल लोया ने कहा कि आंदोलन से नहीं बातचीत से रास्ता निकलेगा। बीजेपी सरकार संवेदनशील है। सरकार किसी की भी जान किसी भी तरीके से मुश्किल में नहीं डालती। धरना प्रदर्शन खत्म कर सरकार से बातचीत करें। लगातार भर्ती की जा रही है, आगे भी की जाएगी। नीतिगत निर्णय जल्द समाधान होगा। कांग्रेस सरकार में 500 रुपए का कल्चर लागू किया था।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close