किन्नौर में NH-05 बंद, चंबा में नाले में बही युवती और मनाली में लैंडस्लाइड… हिमाचल में तबाही वाली बारिश!

हिमाचल प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर कहर बरपा रहा है. गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह तक हुई तेज बारिश ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया. किन्नौर में भूस्खलन के कारण NH-05 बंद हो गया है, जबकि चंबा में एक 19 वर्षीय युवती की नाले में बहने से मौत हो गई. वहीं, मनाली और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश से सड़कों पर मलबा आ गया. कई स्थानों पर लैंडस्लाइड की स्थिति बन गई. मौसम विभाग ने अगस्त के शुरुआती दिनों में भी भारी बारिश की संभावना जताई है.

किन्नौर का देश से सड़क संपर्क टूटा

किन्नौर जिले के चौरा के पास भारी भूस्खलन होने से NH-05 पर बड़े-बड़े पत्थर और मलबा गिर गया. इसके चलते हाईवे पूरी तरह बंद हो गया. जिले का सड़क संपर्क प्रदेश के अन्य हिस्सों से टूट गया. प्रशासन और राहत दल सड़क को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए मशीनों की मदद से मलबा हटाने में जुटे हैं. अधिकारियों ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.

मनाली में बारिश से सड़कों पर मलबा, वाहन फंसे

मनाली और आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार शाम से लगातार भारी बारिश हुई. धुंधी, पलचान, अंजनी महादेव, शनाग और सोलंग घाटी में तेज बारिश के कारण कई जगह सड़कों पर मलबा आ गया. सोलंग से आगे फर्स्ट स्नो गैलरी के पास सड़क पर अचानक मलबा आने से एक स्कॉर्पियो वाहन बीच रास्ते में फंस गया. हालांकि वाहन में सवार लोग समय रहते बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गए. पलचान पुल के पास भी हल्का भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क पर मिट्टी और पत्थर जमा हो गए.

मनाली टाउन बाईपास पर तेज बहाव के कारण सड़क किनारे कटाव शुरू हो गया है. सीमा सड़क संगठन (BRO) ने तुरंत मशीनें लगाकर कई स्थानों से मलबा हटाया. फिलहाल कुछ प्रभावित स्थानों को छोड़कर बाकी सड़कें यातायात के लिए खुली हैं. जिला प्रशासन और पुलिस लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं.

चंबा में नाले में बहने से युवती की मौत

चंबा जिले के सलूणी उपमंडल में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया. संघणी पंचायत के प्रेढ़ गांव की रहने वाली शबनम (19) गुरुवार शाम जंगल से भेड़-बकरियां चराकर घर लौट रही थी. इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव वाले नाले में गिर गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. शुक्रवार सुबह जलाड़ी के पास सियूल नदी से शबनम का शव बरामद किया गया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है

बारिश को देखते हुए मंडी जिला प्रशासन ने पंडोह डैम से 12,000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने की जानकारी दी है. शुक्रवार सुबह 7:15 बजे से पानी छोड़ा जा रहा है. प्रशासन ने ब्यास नदी के किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों से नदी के पास न जाने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की है.

प्रशासन ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

संभावित आपात स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने लोगों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं. किसी भी परेशानी की स्थिति में लोग जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, मंडी के हेल्पलाइन नंबर 01905-226201, 01905-226202, 01905-226203 और 01905-226204 पर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा टोल फ्री आपातकालीन हेल्पलाइन 1077 भी जारी की गई है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com