बॉयफ्रेंड की शादी तय होने से आहत नर्सिंग छात्रा ने की आत्महत्या, जीजा के भाई से था अफेयर

भोपाल। अयोध्या नगर स्थित विंध्याचल कालोनी में किराए से रहने वाली 24 वर्षीय नर्सिंग छात्रा ने फांसी लगाकर जान दे दी। छात्रा के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, लेकिन वह प्रेमी की शादी तय होने से दुखी थी, जिससे उसकी मौत का कारण यही बताया जा रहा है।
अयोध्या नगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार उमा लोधी, पिता नर्मदा प्रसाद, मूलतः सीहोर जिले के बरखेड़ा हसन गांव की निवासी थी। वह नर्स बनने का सपना लेकर भोपाल आई थी।
स्वजनों ने बताया कि उसका अपने जीजा के भाई से प्रेम संबंध था और दोनों विवाह करना चाहते थे। हाल ही में युवक के परिवार ने उसकी शादी दूसरी लड़की से तय कर दी।
बताया जा रहा है कि युवक ने उमा को फोन कर शादी की जानकारी दी और पूछा कि उसे कोई आपत्ति तो नहीं।
इसके बाद से वह मानसिक तनाव में थी। शुक्रवार को उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। पुलिस अन्य पहलूओं पर भी जांच कर रही है।











