गुरु पूर्णिमा पर माँ मातंगी दिव्य धाम में उमड़ा आस्था का महासागर, परम् पूज्य डॉ. प्रेमासाईं महाराज के दर्शन को देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालु

जामगांव :- गुरु पूर्णिमा का महापर्व इस वर्ष त्रिकालदर्शी माँ मातंगी दिव्य धाम, जामगांव में अभूतपूर्व श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही धाम में श्रद्धालुओं का आगमन प्रारंभ हो गया था और देखते ही देखते पूरा धाम भक्तों के जनसैलाब से भर गया। छत्तीसगढ़ सहित देश के विभिन्न राज्यों एवं विदेशों से हजारों श्रद्धालु गुरु पूर्णिमा के पुण्य अवसर पर माँ मातंगी दिव्य धाम पहुंचकर पीठाधीश्वर परम् पूज्य डॉ. प्रेमासाईं महाराज का गुरु पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर परम् पूज्य डॉ. प्रेमासाईं महाराज ने माँ मातंगी, माँ बगलामुखी, माँ छिन्नमस्ता एवं पूज्य गुरुदेव समेर दास जी की विधि-विधानपूर्वक पूजा-अर्चना कर विश्व शांति, मानव कल्याण, सुख-समृद्धि एवं आध्यात्मिक जागरण की मंगलकामना की। गुरु पूर्णिमा पर पूरे धाम को रंग-बिरंगे पुष्पों, धार्मिक ध्वजों एवं आकर्षक सजावट से भव्य रूप दिया गया था।परम् पूज्य डॉ. प्रेमासाईं महाराज का धाम पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने “जय गुरुदेव” और “जय माँ मातंगी” के गगनभेदी जयघोष के साथ उनका स्वागत किया। पुष्पवर्षा, शंखनाद, घंटियों की मंगलध्वनि और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।


गुरु पूर्णिमा महापर्व के अवसर पर परम् पूज्य डॉ. प्रेमासाईं महाराज  ने कहा कि गुरु-शिष्य परंपरा सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर एवं भारतीय आध्यात्मिक परंपरा की आत्मा है। गुरु ही वह दिव्य शक्ति हैं, जो शिष्य के जीवन से अज्ञान का अंधकार दूर कर ज्ञान, संस्कार और आत्मबोध का प्रकाश प्रदान करते हैं। जिस समाज में गुरु का सम्मान और धर्म का पालन होता है, वहां सदैव सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है। सभी भक्तों से सनातन संस्कृति, धर्म और भारतीय परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि मां मातंगी, मां बगलामुखी, मां छिन्नमस्ता, माँ कोत्रावै के आशीर्वाद और गुरु के बताए मार्ग पर चलकर ही जीवन को सफल, सार्थक और सौभाग्यशाली बनाया जा सकता है।

परम् पूज्य डॉ. प्रेमासाईं महाराज का हुआ पंचामृत शाही स्नान

गुरु पूर्णिमा पर भक्तों ने परम् पूज्य डॉ. प्रेमासाईं महाराज का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंचामृत शाही स्नान कराया। शाही दिव्य अनुष्ठान में सभी भक्तों ने अपनी सहभागिता निभाई। लगातार हो रही वर्षा के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था तनिक भी कम नहीं हुई। बरसते पानी में भक्त गुरु भक्ति में लीन होकर इस दिव्य अनुष्ठान में सहभागी बने और गुरु चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की।

बरसते पानी में भी नहीं डिगी आस्था, उमड़ा विशाल जनसैलाब

गुरु पूर्णिमा महापर्व के दौरान लगातार वर्षा होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई। बरसते पानी के बीच भी हजारों भक्त पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ धाम पहुंचते रहे। माँ मातंगी एवं परम् पूज्य डॉ. प्रेमासाईं महाराज जी के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का अद्भुत दृश्य पूरे आयोजन में देखने को मिला। वर्षा के बीच जयघोष, भजन-कीर्तन एवं गुरु वंदना से संपूर्ण धाम भक्तिरस में सराबोर रहा।

देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्राप्त किया पुण्यलाभ

गुरु पूर्णिमा महोत्सव में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ के अलावा नेपाल, भूटान, महाराष्ट्र, बिहार, राजस्थान, मध्यप्रदेश, ओडिशा, उत्तरप्रदेश, केरल, आंध्रप्रदेश, असम, मिजोरम सहित देश के अनेक राज्यों एवं विदेशों से श्रद्धालु जामगांव पहुंचे थे। भक्तों ने गुरु पूजन, दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त कर स्वयं को सौभाग्यशाली माना।

माँ मातंगी दिव्य महाभंडारे में हजारों भक्तों ने ग्रहण किया महाप्रसाद

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर माँ मातंगी दिव्य धाम में विशाल महाभंडारे का आयोजन किया गया। हजारों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर महाप्रसाद ग्रहण किया। प्रसाद के रूप में पूरी, हलवा, चावल, दाल एवं दो प्रकार की सब्जियों का वितरण किया गया। सेवा में शामिल गुरु सेवकों ने पूरे समर्पण भाव से श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। पूरे आयोजन में अनुशासन, सेवा और समर्पण की अद्भुत मिसाल देखने को मिली।

दूसरे दिन सुबह तक चलता रहा गुरु पूजन एवं दर्शन का क्रम

सुबह से प्रारंभ हुआ गुरु पूजन, दर्शन एवं आशीर्वाद का क्रम दूसरे दिन सुबह तक निरंतर जारी रहा। परम् पूज्य डॉ. प्रेमासाईं महाराज जी ने सभी श्रद्धालुओं का आत्मीय अभिवादन स्वीकार करते हुए उन्हें सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं आध्यात्मिक उन्नति का आशीर्वाद प्रदान किया। गुरु पूर्णिमा महापर्व का यह दिव्य आयोजन श्रद्धालुओं के लिए जीवनभर की अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति बन गया।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com