खाद गोदाम से 68 बोरी डीएपी चोरी, डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच में जुटी पुलिस

बालोद जिले में खाद बीज गोदाम से 68 बोरी डीएपी खाद चोरी होने का मामला सामने आया है। मानसून से पहले खेती की तैयारियों के बीच हुई इस चोरी से किसानों और सहकारी समिति प्रबंधन में चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और डॉग स्क्वॉड की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है।

खाद बीज गोदाम को बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कुसुमकसा के ग्राम चिपरा स्थित खाद बीज गोदाम से चोर 68 बोरी नवरत्ना कंपनी का डीएपी खाद चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही डौंडीलोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोर देर रात गोदाम में घुसे और बड़ी मात्रा में खाद लेकर फरार हो गए। खेती के सीजन को देखते हुए खाद की मांग बढ़ने लगी है, ऐसे में चोरी की इस घटना ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है।

डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाश जारी

घटना स्थल पर डॉग स्क्वॉड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में जांच की और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। हालांकि अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोदाम परिसर और आसपास के रास्तों की जांच की जा रही है। साथ ही क्षेत्र के संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।

पहले भी हो चुकी है खाद चोरी

बताया जा रहा है कि इसी खाद गोदाम में पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। 15 मई 2024 को यहां से 35 बोरी डीएपी, 12 बोरी पोटाश, 7 बोरी यूरिया और 8 बोरी सुपरफास्फेट चोरी हुआ था। उस मामले में भी पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है।

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों ने गोदामों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने जल्द आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com