कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ पर सियासत तेज, मंत्री-जायसवाल और महंत के बीच जुबानी जंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पार्टी के भीतर कई नेताओं के नाम सामने आने के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस की आंतरिक राजनीति पर तंज कसते हुए इसे “बोरिंग चैप्टर” बताया, वहीं नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने उनके बयान का जवाब देते हुए कांग्रेस में सब कुछ सामान्य होने का दावा किया।

प्रदेश अध्यक्ष की दौड़ पर मंत्री का तंज

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही चर्चाओं पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों से यह मुद्दा लगातार चर्चा में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रदेश की जनता भूल चुकी है और पार्टी में गुटबाजी उसकी परंपरा का हिस्सा रही है।मंत्री जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस के भीतर समय-समय पर मतभेद सामने आते रहे हैं और प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही खींचतान भी उसी का परिणाम है।

महंत का पलटवार, बोले- कांग्रेस में सब ठीक

स्वास्थ्य मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस में किसी तरह का मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी का नेतृत्व सामूहिक रूप से काम कर रहा है और सभी वरिष्ठ नेताओं के बीच बेहतर तालमेल है।महंत ने कहा कि कांग्रेस में हर बड़ा निर्णय सामूहिक नेतृत्व के आधार पर लिया जाता है और आगामी चुनावों में भी यही रणनीति अपनाई जाएगी।

प्रदेश अध्यक्ष बदलने की संभावना से नहीं किया इनकार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदलने की चर्चाओं पर डॉ. महंत ने कहा कि जिन राज्यों में चुनाव होने वाले हैं, वहां संगठनात्मक बदलाव की संभावना है। छत्तीसगढ़ में भी इस विषय पर चर्चा चल रही है, लेकिन राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे और जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद ही इस दिशा में कोई निर्णय लिया जा सकता है।

खाद-बीज संकट पर सरकार को घेरा

कांग्रेस द्वारा खाद-बीज की समस्या को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन का समर्थन करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार भले ही सब कुछ ठीक होने का दावा कर रही हो, लेकिन गांवों में किसानों और आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com