Inspire Brands से डील की तैयारी, Subway-Tim Hortons को मिलेगी टक्कर

हल्दीराम वेस्टर्न QSR बिजनेस में एंट्री को तैयार, Inspire Brands से बातचीत तेज।
(एपी सिंह): देश की सबसे बड़ी पारंपरिक फूड सर्विस कंपनी हल्दीराम अब वेस्टर्न-स्टाइल फास्ट फूड बिजनेस में कदम रखने जा रही है। हल्दीराम समूह अमेरिकी रेस्टोरेंट कंपनी इंस्पायर ब्रान्ड्स (Inspire Brands) के साथ बातचीत शुरू की है, ताकि उसकी सैंडविच चेन Jimmy John’s को भारत में लाया जा सके।
हल्दीराम की यह पहल सबवे और टिम हॉर्टन्स जैसी ग्लोबल ब्रांड्स को सीधी चुनौती देगा। अगर यह डील होती है तो हल्दीराम का नया क्विक सर्विस रेस्टोरेंट (QSR) बिजनेस इसी ब्रांड के तहत चलेगा। फिलहाल, हल्दीराम का रेस्टोरेंट कारोबार लगभग 2,000 करोड़ रुपए का है और देशभर में इसके 150 से अधिक आउटलेट हैं।
इकोनॉमिक टाइम्स के अनुसार, हल्दीराम समूह का संस्थापक परिवार अग्रवाल चाहता है कि कंपनी अब युवा उपभोक्ताओं को टार्गेट करे जो वेस्टर्न कैफे-स्टाइल फूड फॉर्मैट को पसंद करते हैं। इस वजह से कंपनी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने की दिशा में बढ़ रही है। जिमी जॉन्स की स्थापना 1983 में की गई थी। यह अमेरिका की जानी-मानी सैंडविच और रैप चेन है।
इसके दुनिया के 4 देशों-अमेरिका, कनाडा, दक्षिण कोरिया और यूएई में 2,600 से अधिक आउटलेट हैं। यह अमेरिका की सबसे बड़ी डिलीवरी सैंडविच चेन है, जिसकी सालाना बिक्री करीब 2.6 अरब डॉलर है। इंस्पायर ब्रान्ड्स के पास डंकिन, बास्किन रॉबिन्स, आर्बीज, बफेलो वाइल्ड विंग्स और सोनिक जैसे लोकप्रिय ब्रांड हैं।
इनमें डंकिन और बास्किन रॉबिन्स पहले से भारत में काम कर रहे हैं। हल्दीराम ने दिल्ली-नागपुर के एफएमसीजी कारोबारों का विलय कर हल्दीराम स्नैक्स फूड (प्रा) लिमिटेड के नाम से कपनी बनाई है। FY24 में कंपनी का राजस्व 12,800 करोड़ और मुनाफा 1,400 करोड़ रुपए रहा है। विलय के बाद कुछ हिस्सेदारी बेची थी।
भारत का फूड सर्विस बाजार तेजी से विस्तार कर रहा है। रेस्टोरेंट उद्योग संगठन NRAI के अनुसार FY24 में इसका आकार 5.69 लाख करोड़ रुपए था, जो वित्तवर्ष 2028 तक बढ़कर 7.76 लाख करोड़ तक पहुंच जाएगा। हल्दीराम ने इसी संभावना को देखते हुए ही वेस्टर्न-स्टाइल फास्ट फूड बिजनेस में कदम रखने का निर्णय लिया है।











