केंद्रीय जेल से फरार बंदी 4 महीने बाद गिरफ्तार : नारायणपुर में पुलिस के हत्थे चढ़ा, पहले भी दंतेवाड़ा जेल से हो चुका था फरार

जगदलपुर, 22 जुलाई 2026। केंद्रीय जेल जगदलपुर से चार महीने पहले फरार हुआ सजायाफ्ता बंदी आखिरकार बस्तर पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने आरोपी महेन्द्र दीवान को नारायणपुर जिले से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दोबारा केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, महेन्द्र दीवान को कांकेर और दंतेवाड़ा में चोरी के मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद दंतेवाड़ा जिला न्यायालय ने 5 वर्ष 3 माह के कारावास की सजा सुनाई थी। शुरुआत में उसे दंतेवाड़ा जिला जेल में रखा गया, लेकिन वह वहां से भी फरार हो गया था।
बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जनवरी 2026 में केंद्रीय जेल जगदलपुर भेजा था। इसके बावजूद आरोपी ने 25 मार्च 2026 को केंद्रीय जेल से भी फरार होने में सफलता हासिल कर ली थी।
फरारी के बाद बस्तर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। करीब चार महीने की तलाश के बाद पुलिस ने उसे नारायणपुर से गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को पुनः केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शातिर प्रवृत्ति का अपराधी है और पहले भी जेल से फरार होने की घटनाओं में शामिल रहा है। उसकी गिरफ्तारी को बस्तर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।











