पंजाब के CM भगवंत मान की बिगड़ी तबीयत,मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में हुए भर्ती

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की तबीयत बिगड़ गई है. उन्हें मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. सीएम को आज सुबह संगरूर से लौटने के बाद अस्पताल ले जाया गया था. हालांकि, फोर्टिस अस्पताल की ओर से अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है.
खबरों के मुताबिक, संगरूर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री का रक्तचाप अचानक बढ़ गया, जिसके बाद मौके पर ही उनकी जांच की गई. हालत में सुधार न होने पर उन्हें तुरंत हेलीकॉप्टर से मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनकी जांच चल रही है.
हेलीकॉप्टर में बिगड़ी तबीयत
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान हेलीकॉप्टर से चंडीगढ़ आ रहे थे. इस दौरान हेलीकॉप्टर में उनकी तबीयत बिगड़ गई. उन्हें थोड़ी घबराहट महसूस हुई, जिसके बाद एहतियात के तौर पर उन्हें चेक-अप के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. अस्पताल पहुंचते ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उनका मेडिकल परीक्षण शुरू किया
डॉक्टरों की निगरानी में सीएम मान
मुख्यमंत्री ऑफिस का कहना है कि जब तक सीएम भगवंत मान की सभी रिपोर्ट चेक नहीं हो जाती, तब तक वो हॉस्पिटल में ही रहेंगे. अस्पताल पहुंचने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सीएम का मेडिकल परीक्षण शुरू किया.वह दोपहर करीब 3:00 बजे हॉस्पिटल पहुंचे थे.
अस्पताल के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
अस्पताल के बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव और मुख्य सचिव भी अस्पताल में मौजूद हैं, हालांकि, अभी तक न तो अस्पताल प्रशासन ने कोई मेडिकल बुलेटिन जारी किया है और न ही आम आदमी पार्टी ने स्थिति स्पष्ट की है.
श्री रणकेशवर महादेव शिव मंदिर में की पूजा
दरअसल आज दोपहर मुख्यमंत्री भगवंत मान संगरूर के धुरी स्थित श्री रंकेश्वर महादेव शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे, इस अवसर पर पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया भी उनके साथ उपस्थित थे. तीनों नेताओं ने मंदिर में हवन-यज्ञ और पूजा पाठ में भाग लिया.
इस धार्मिक कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई. उनकी बिगड़ती तबीयत के कारण फाजिल्का का दौरा रद्द कर दिया गया है और कल (16 फरवरी) मोगा में होने वाली उनकी रैली भी कैंसिल हो गई है.











