मांगलिक भवन के टेंडर पर उठे सवाल, ठेकेदारों ने नियम बदलकर पक्षपात का लगाया आरोप

भिलाई नगर निगम के जोन-3 क्षेत्र स्थित डॉ. बी.आर. अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन के संचालन एवं संधारण के लिए जारी नए टेंडर को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ठेकेदारों ने आरोप लगाया है कि पहले जारी टेंडर को निरस्त कर नई शर्तें लागू की गई हैं, जिससे किसी विशेष व्यक्ति को लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
ठेकेदारों का कहना है कि टेंडर की शर्तों में किए गए बदलाव पारदर्शिता पर सवाल खड़े करते हैं। उनका आरोप है कि नए नियम इस तरह तैयार किए गए हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा सीमित हो और एक विशेष ठेकेदार को फायदा मिले।
नगर निगम के जोन-3 स्थित मदर टेरेसा नगर कार्यालय की ओर से जारी टेंडर के अनुसार डॉ. बी.आर. अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन का संचालन, प्रबंधन और संधारण 10 महीने की अवधि के लिए किया जाना है। इस कार्य की अनुमानित लागत 30 लाख रुपये निर्धारित की गई है।
टेंडर प्रक्रिया के तहत इच्छुक एजेंसियों और ठेकेदारों को 4 अगस्त तक अपने भौतिक दस्तावेज जमा करने होंगे। मामले को लेकर ठेकेदारों ने टेंडर प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने और शर्तों की समीक्षा की मांग की है।











