रायपुर निगम सामान्य सभा…नेता प्रतिपक्ष बदलने पर हंगामा:आकाश तिवारी ने GST रिफार्म को बताया गब्बर-टैक्स, BJP पार्षद ने उठाई शराब दुकान हटाने की मांग

रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष बदलने के बाद बुधवार को सामान्य सभा की पहली बैठक है। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बदलने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू ने कहा कि मैंने सवाल नेता प्रतिपक्ष के तौर पर लगाया, लेकिन अब मुझे पद से हटा दिया गया।
संदीप साहू ने कहा कि, सामान्य सभा के एक दिन पहले मुझे निकला गया। रात 8 बजे के बाद सूचना जारी की गई। संदीप ने पूछा, क्या पक्ष नहीं चाहता कि मैं सदन में अपनी बात रखूं। मैंने नेता प्रतिपक्ष के तौर पर यह सवाल उठाया था। सभापति सूर्यकांत राठौर पर दबाव में काम करने का आरोप लगाया।
संदीप साहू ने कहा कि साजिश के तहत मुझे हटाया गया। मैं मुद्दे उठाने वाला था, इसलिए मुझे हटाया गया। पार्टी में रहते हुए आलाकमान से बात करूंगा। वहीं, भाजपा पार्षद ने खमारडीह चौक से शराब दुकान हटाने की मांग की।
आकाश तिवारी का नाम आया, उसे स्वीकार किया गया- सभापति
सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि मैं अपने फैसले खुद लेने वाला व्यक्ति हूं। कांग्रेस कमेटी की ओर से आकाश तिवारी का नाम आया, उसे स्वीकार किया गया है। मैं दिवाली से पहले किसी को दुखी नहीं करना चाहता था, इसलिए मैंने कल आकाश का नाम स्वीकार कर लिया। संदीप ने सभा से वॉकआउट कर लिया है।
कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष चुनने में की लापरवाही- महापौर
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि, नेता प्रतिपक्ष चुनने का काम संगठन का होता है, उनके संगठन ने इस मामले में घोर लापरवाही की है। पहले आकाश तिवारी का नाम चुना, फिर किसी और का नाम आया, उनमें तालमेल की बहुत कमी है।
आकाश तिवारी बोले- मुझे पार्टी ने मौका दिया है
नेता प्रतिपक्ष विवाद को लेकर वर्तमान नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने संदीप साहू के सवालों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि, मुझे पार्टी ने मौका दिया है। पिछली सामान्य सभा के लिए संदीप साहू को चुना गया था, अब मुझे बनाया गया है।
वहीं बैठक में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने GST रिफार्म पर लाए गए आभार प्रस्ताव का विरोध किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “यह आभार प्रस्ताव नहीं, निंदा प्रस्ताव होना चाहिए। GST जनता पर थोपे गए गब्बर सिंह टैक्स की तरह है, जिसने छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी है।
स्काई वॉक पर बेफिजूल खर्च- नेता प्रतिपक्ष
सामान्य सभा की बैठक में अधोसंरचना विकास योजना और सिटी डेवलेपमेंट पर व्यापक चर्चा हो रही है। शहर के कई अहम मुद्दों पर जनप्रतिनिधि अपने विचार रख रहे हैं। इसी दौरान तात्यापारा से शारदा चौक तक सड़क चौड़ीकरण का मामला प्रमुखता से उठाया गया।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने इस मुद्दे पर निगम प्रशासन से कड़े सवाल किए। उन्होंने राजधानी में बनाए जा रहे स्काई वॉक को बेफिजूल खर्च बताते हुए कहा कि इसकी जगह नागरिक सुविधाओं और सड़क चौड़ीकरण जैसे वास्तविक विकास कार्यों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
भाजपा पार्षद ने की खमारडीह चौक से शराब दुकान हटाने की मांग
सामान्य सभा की बैठक में आज भाजपा पार्षद राजेश गुप्ता ने खमारडीह चौक पर बनी प्रीमियम शराब दुकान को हटाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इस इलाके में पहले से ही ट्रैफिक दबाव काफी अधिक है, और शराब दुकान के कारण यहां रोजाना भीड़ बढ़ रही है। जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए शराब दुकान हटाई जाए।










