रायपुर: NEET UG 2026 पुनः परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, मुख्य सचिव ने दिए जरूरी निर्देश

रायपुर। आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनः परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन को परीक्षा शुरू होने से पहले सभी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने और वहां की व्यवस्थाओं की जानकारी लेने को कहा। उन्होंने केंद्र सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
योग दिवस के बीच परीक्षा संचालन पर विशेष फोकस
मुख्य सचिव ने कहा कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भी आयोजित होगा, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि योग दिवस से संबंधित गतिविधियों का परीक्षा संचालन पर कोई प्रभाव न पड़े। परीक्षा केंद्रों तक छात्रों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
छात्रों की काउंसलिंग और मॉक ड्रिल पर जोर
बैठक में मुख्य सचिव ने कहा कि परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की घबराहट नहीं होनी चाहिए। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी की संयुक्त टीम द्वारा विद्यार्थियों की काउंसलिंग कराई जाएगी। साथ ही 20 जून को परीक्षा संचालन की सभी व्यवस्थाओं की मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सुरक्षा, कानून व्यवस्था और गोपनीयता पर विशेष ध्यान
मुख्य सचिव ने परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रश्न-पत्र और ओएमआर शीट एयर फोर्स के माध्यम से भेजी जाएंगी। इनके सुरक्षित परिवहन और संरक्षण के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग को पहले से तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
19 शहरों में बनाए गए 127 परीक्षा केंद्र
बैठक में राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ में NEET UG 2026 पुनः परीक्षा 19 शहरों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए कुल 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से परीक्षा के सफल संचालन के लिए आपसी समन्वय और सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया।
सभी जिलों के अधिकारी बैठक में शामिल
बैठक में कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के सचिव बसवराजु एस., राज्य नोडल अधिकारी पीयूष शुक्ला, तकनीकी शिक्षा संचालनालय, पुलिस विभाग और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा सहित 19 जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।











