राजस्थान: जोधपुर जेल में रोजा-इफ्तार की फोटो वायरल होते ही अलर्ट हुआ डीडवाना प्रशासन, जिला कारागृह में अचानक छापा

डीडवाना – कुचामन: राजस्थान की जोधपुर सेंट्रल जेल में कैदियों की रोजा-इफ्तार पार्टी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने और तलाशी में मोबाइल मिलने के खुलासे के बाद प्रदेशभर का जेल प्रशासन हरकत में आ गया है. इसी के चलते डीडवाना स्थित जिला कारागृह में सोमवार को प्रशासन और पुलिस की टीम ने अचानक पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया.
जेल परिसर में अचानक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की एंट्री से कुछ देर के लिए हलचल मच गई। उपखंड अधिकारी विकास मोहन भाटी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा और वृताधिकारी जेठूसिंह के नेतृत्व में करीब 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने पूरे कारागृह को घेरते हुए बैरिक-दर-बैरिक तलाशी ली.
अधिकारियों ने जेल के सभी बैरिकों की गहन जांच की और एक-एक बंदी की तलाशी ली. तलाशी के दौरान यह देखा गया कि कहीं बंदियों के पास मोबाइल, नशे का सामान या अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं तो नहीं हैं. हालांकि इस कार्रवाई में डीडवाना जिला कारागृह से कोई भी संदिग्ध या प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई, जिससे जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और रसोई व्यवस्था का भी जायजा लिया. साथ ही जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और अधिक मजबूत रखने के निर्देश दिए गए.
सूत्रों के अनुसार डीडवाना जिला कारागृह में वर्तमान में 44 बंदी अलग-अलग मामलों में बंद हैं. प्रशासन का कहना है कि जोधपुर जेल की घटना के बाद प्रदेशभर में सतर्कता बढ़ाई गई है और समय-समय पर इस तरह के आकस्मिक निरीक्षण किए जाएंगे ताकि जेलों में किसी भी तरह की अनियमितता को रोका जा सके.
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीडवाना हिमांशु शर्मा, ने बताया कि जोधपुर सेंट्रल जेल की घटना के बाद एहतियात के तौर पर डीडवाना जिला कारागृह का आकस्मिक निरीक्षण किया गया है. सभी बैरिकों और बंदियों की तलाशी ली गई. किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली है और व्यवस्थाओं की भी जांच की गई है.”











