आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक और बड़ा कदम, राजनाथ सिंह कल नागपुर में करेंगे एल्युमीनियम एक्सट्रूजन प्रेस का भूमि पूजन

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल शुक्रवार (19 जून) को नागपुर में स्थित यंत्र इंडिया लिमिटेड (Yantra India Limited, YIL), ऑर्डनेंस फैक्ट्री अंबाझरी में एक अत्याधुनिक 10,000 टन की ‘एल्युमीनियम एक्सट्रूज़न प्रेस’ (Aluminium Extrusion Press) का भूमि पूजन करेंगे. इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रक्षा उत्पादन सचिव संजीव कुमार समेत रक्षा उत्पादन विभाग और यंत्र इंडिया लिमिटेड के कई सीनियर अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
प्रस्तावित एक्सट्रूज़न प्रेस देश में रक्षा विनिर्माण क्षेत्र में एक बड़ी राष्ट्रीय संपत्ति होगी. यह रक्षा और एयरोस्पेस क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने के लिए बड़े, उच्च-शक्ति और सटीक एल्युमीनियम मिश्र धातु एक्सट्रूज़न के उत्पादन की देश की क्षमता को मजबूत करेगा. इससे देश में ही बड़े आकार के, बेहद मजबूत और सटीक एल्युमीनियम अलॉय कंपोनेंट्स बनाए जा सकेंगे.











