किसान हुंकार महापंचायत में पहुंचे राकेश टिकैत, बहराइच में कहा- किसानों को बर्बाद करने पर तुली है सरकार

बहराइच: नगर के दरगाह इलाके में स्थित गल्लामंडी प्रांगण में भारतीय किसान यूनियन की ओर से आयोजित किसान हुंकार महापंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि केंद्र सरकार किसानों को बर्बाद करने पर तुली हुई है.

उन्होंने कहा कि भारत व अमेरिका के बीच व्यापार समझौते से देश में सब्सिडी व बिना टैरिफ के आने वाले समानों से देश के किसानों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा. इस लिए इसे रोकने के लिए बड़ा आंदोलन करना होगा.

मोहन भागवत की ओर से हिंदुओं को तीन बच्चे करने के बयान पर बोलते हुए टिकैत ने कहा कि हम तो जनसंख्या नियंत्रण बिल की मांग करते है. हम लोगों को एक बच्चे की ओर आना होगा वरना आने वाले समय में स्थिति काफी खराब होगी, लेकिन इन लोगों को जनसंख्या बढ़ाने में ही फायदा नजर आ रहा है.

उन्होंने कहा कि ये सरकार सिर्फ हिंदू मुस्लिम करती है. आज के समय में पड़ोसी देशों से हमारे सम्बन्ध खराब हो चुके हैं, किसान नौजवान सभी परेशान हैं. ये लोग स्कूल न खोल सिर्फ शराब की दुकानें खोल रहे हैं. कार्यक्रम के दौरान भारतीय किसान यूनियन के गुरवंत सिंह चीमा,अजीत सिंह, मलकीत सिंह, रामकुमार वर्मा समेत काफी संख्या में पदाधिकारी मौजूद रहे.

close