रायबरेली पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन: कंप्यूटर संचालक को लूटने वाले 6 बदमाश अरेस्ट

Join WhatsApp Group यहाँ क्लिक करे
रायबरेली: यूपी के रायबरेली जनपद के ऊंचाहार थाना क्षेत्र में एनटीपीसी के एक कंप्यूटर ऑपरेटर से हुई लूटपाट का ऊंचाहार पुलिस ने आज खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से लूटे गए सामान में एक लैपटॉप, एक स्मार्टवॉच के अलावा तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं.
यह घटना 26 फरवरी की रात करीब 10 बजे हुई थी. घटना का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि एनटीपीसी की एक निर्माण कंपनी में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर अंकित पाल मदारीगंज में एक कार्यक्रम से लौटकर अपने घर जा रहे थे. हटवा और लक्ष्मीगंज गांव के बीच डिहवा गांव में अशोक किराना स्टोर के पास, दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ता पूछने के बहाने रोका.
बदमाशों ने अंकित पाल को जमीन पर गिरा दिया और उनका बैग छीन कर फरार हो गए. बदमाशों को पकड़ने के लिए एक टीम का गठन किया गया. जिसमें पुलिस टीम ने सीसीटीवी की मदद से खौली पुल के पास एक बाग से 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अमन तिवारी, क्रिस कुमार, आदर्श पासी उर्फ नन्नू पासी, दीपू वाल्मिकी उर्फ काला, अश्वनी उर्फ शनि और अमित रावत के रूप में हुई है.
ये सभी फतेहपुर और रायबरेली जिलों के निवासी हैं. पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और अपने खर्चों के लिए लूटपाट करते थे. उनके पास से लूटा गया एक लैपटॉप, स्मार्टवॉच और डायरी बरामद की गई. इसके अतिरिक्त एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं. गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में ऊंचाहार कोतवाल अजय कुमार राय,दारोगा वागीश मिश्रा,अभिज्ञान प्रताप सिंह,अभिजीत मिश्रा,सुजीत कुमार सहित 11 पुलिसकर्मी शामिल रहे. प्रेसवार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा व सीओ डलमऊ गिरजा शंकर त्रिपाठी मौजूद रहे.











