292 कंप्यूटर और योगा शिक्षकों की पर भर्ती होल्ड:जबकि NEP में टेक्नोलॉजी पर जोर, हर शनिवार योग भी जरूरी; हिन्दी वाले भी नाराज

छत्तीसगढ़ सरकार ने पिछले दिनों 5000 से अधिक शिक्षकों की भर्ती की घोषणा की थी। लेकिन इसके बाद अगला आदेश जारी किया गया, जिसमें 4708 पदों पर ही भर्ती करने का नोटिफिकेशन दिया गया। योगा और कंप्यूटर एजुकेशन के 292 शिक्षकों की भर्ती होल्ड पर रख दी गई।
जबकि न्यू एजुकेशन पॉलिसी में स्पष्ट किया गया है कि छात्रों को कक्षा 6 से कोडिंग और कंप्यूटर शिक्षा दी जाए, ताकि वे तकनीकी रूप से मजबूत बनें। इसके अलावा स्कूल में कंप्यूटर और ICT यानी इन्फॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी लैब विकसित करने पर जोर दिया गया है।
इसी तरह प्रदेश में हर शनिवार बैगलेस डे घोषित किया गया है। इन बैगलेस डे में छात्रों को योगाभ्यास कराने को कहा गया है। ऐसे में योग शिक्षकों की भर्ती में कटौती भी हैरान करती है।
पांच हजार से अधिक स्कूलों को स्मार्ट क्लास में बदलने की तैयारी
NEP के तहत 1388 स्कूलों में ICT लैब और 5,857 स्कूलों को स्मार्ट क्लास में बदलने की तैयारी है। इसी तरह कक्षा 6वीं से 12वीं के लिए साल 2030 तक ICT लैब और स्मार्ट क्लास उपलब्ध कराने की प्लानिंग है। ऐसे में कम्प्यूटर के शिक्षकों की जरूरत है। लेकिन पदों में कटौती कर दी गई है।
इसके अलावा हिन्दी के शिक्षकों के लिए भी पोस्ट जारी नहीं की गई। जिससे हिन्दी के कैंडिडेट्स में नाराजगी है।
अगले साल लिया जा सकता है एग्जाम
राज्य शासन से अनुमति मिलने के बाद अब शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू हो सकती है। लेकिन ये प्रक्रिया लंबी हो सकती है। सबसे पहले शासन भर्ती नियम बनाए जाएंगे। इसके बाद व्यापम को एग्जाम लेने के लिए एप्लिकेशन दिया जाएगा। फिर एग्जाम कंडक्ट होगा। ऐसे में ये एग्जाम अगले साल अक्टूबर या नवंबर में हो सकता है।
5 हजार पदों पर वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद भर्ती होल्ड
पहले 5 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा की थी, लेकिन व्याख्याता कम्प्यूटर और योग शिक्षक नई के 292 पद घटा दिए गए। अब 4708 पदों पर शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। स्कूल शिक्षा विभाग ने लोक शिक्षण संचालक को पत्र भेजते हुए शिक्षक भर्ती की अनुमति प्रदान की है।
पत्र में 4708 पदों पर भर्ती बात कही गई है। राज्य शासन ने शिक्षकों के 5 हजार पदों पर भर्ती की घोषणा की थी। वित्तीय स्वीकृति भी 5 हजार पदों के लिए मिली है लेकिन स्कूल शिक्षा विभाग ने 292 पद घटा दिए हैं। बताया जा रहा है कि व्याख्याता कम्प्यूटर और योग प्रशिक्षक की भर्ती बाद में की जाएगी।











