नशा, डांस और पार्टी… मोबाइल से सेल्फी लेते दिखे कैदी, चित्तौड़गढ़ जेल का VIDEO वायरल

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिला कारागार से सामने आए तीन वायरल वीडियो ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इन वीडियो में जेल के अंदर बंद कैदी खुलेआम मौज-मस्ती करते, नशा करते, सामूहिक रूप से भोजन करते और डांस करते नजर आ रहे हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि एक कैदी एंड्रॉयड मोबाइल से सेल्फी वीडियो बनाता भी दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे अधिकांश कैदी चर्चित अजयराज सिंह हत्याकांड के आरोपी बताए जा रहे हैं. इनमें गंगरार थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर ईश्वर सिंह डेट और भैरूं झुण्पड़ा समेत अन्य आरोपी भी नजर आ रहे हैं. इसी हत्याकांड में चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह पर भी परिजनों और विपक्ष की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए थे. उन पर हत्या करवाने का आरोप लगाया गया था

जेल में नशा करते दिखाई दिए कैदी

वायरल हुए तीनों वीडियो में अलग-अलग नजारा दिखाई दे रहा है. पहले वीडियो में एक दर्जन से अधिक कैदी एक साथ बैठकर खाना खाते नजर आते हैं. दूसरे वीडियो में कुछ कैदी कथित रूप से नशा करते दिखाई दे रहे हैं, हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वह किस प्रकार का नशा कर रहे थे. वहीं तीसरे वीडियो में कैदी डांस करते और जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं.

जेल के अंदर मोबाइल से बना रहे वीडियो

इन वीडियो ने जेल प्रशासन के उन दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनमें जेल के भीतर प्रतिबंधित सामग्री नहीं पहुंचने की बात कही जाती रही है. खास तौर पर जेल परिसर में एंड्रॉयड मोबाइल का पहुंचना सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक माना जा रहा है. इससे पहले भी जेल में छोटे आकार के मोबाइल मिलने के मामले सामने आए थे, लेकिन एंड्रॉयड मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल होना बेहद गंभीर माना जा रहा है.

कौन था अजयराय सिंह?

पिछले साल 1 जून को कोतवाली थाना क्षेत्र में रिटायर्ड एएसआई शिवसिंह के पुत्र अजयराज सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस इस मामले में अब तक 32 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है.

अभी वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन जेल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा कि वीडियो कब बनाए गए, मोबाइल जेल के अंदर कैसे पहुंचा और सुरक्षा में चूक के लिए कौन जिम्मेदार है. यह वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल किया गया है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com