आधी रात एक्सप्रेस-वे पर MBA छात्र से लूट, डंडे से हमला कर 80 हजार का मोबाइल छीना

रायपुर में आधी रात एक्सप्रेस-वे पर एक एमबीए छात्र से लूट की वारदात सामने आई है। दो अज्ञात बदमाशों ने डंडे से हमला कर छात्र का करीब 80 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूट लिया। हमले में घायल छात्र किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकला। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। घटना न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के अनुसार, गीतांजली नगर निवासी सितांशु मिश्रा (26) एमबीए की पढ़ाई पूरी करने के बाद कंस्ट्रक्शन का काम करते हैं। 23 जुलाई की रात वह अपने दोस्त इंद्रजीत माहाडिक के साथ तेलीबांधा मरीन ड्राइव स्थित चौपाटी गए थे। दोस्त को देवपुरी स्थित घर छोड़ने के बाद वह इलेक्ट्रिक स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे।

रात करीब 12:30 बजे अमलीडीह बीएसयूपी कॉलोनी के पास एक्सप्रेस-वे पर पेड़ के नीचे अंधेरे में छिपे दो युवक अचानक उनके सामने आ गए। दोनों के हाथ में डंडे थे। स्कूटी रुकते ही आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी।

हमले के दौरान बदमाशों ने सितांशु की शर्ट की जेब में रखा मोबाइल फोन लूट लिया। छीना-झपटी में उनकी शर्ट भी फट गई। लगातार हो रहे हमले के बीच वह किसी तरह स्कूटी लेकर वहां से भागने में सफल रहे और अपनी जान बचाई।

घटना के बाद पीड़ित पहले तेलीबांधा थाना पहुंचा, जहां से घटनास्थल न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में होने के कारण उसे संबंधित थाने भेजा गया। मारपीट में उसके बाएं हाथ, सिर और पीठ पर चोटें आई हैं। उसने निजी अस्पताल में उपचार कराया।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com