ज्वेलरी शॉप में घुसकर लूट, व्यापारी दंपती की पिटाई; बच्चे की गुहार का CCTV सामने आया

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सराफा व्यापारी के घर स्थित ज्वेलरी शॉप में घुसकर लूटपाट की वारदात सामने आई है। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चार बदमाशों को व्यापारी और उसकी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान उनका छोटा बच्चा हाथ जोड़कर बदमाशों से अपने पिता को छोड़ने की गुहार लगाता रहा।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 7:58 बजे चार आरोपी मेन गेट से घर में दाखिल हुए। उस समय व्यापारी का बच्चा स्कूल जाने के लिए तैयार बैठा था। बदमाशों ने उससे घर के अन्य सदस्यों के बारे में पूछा और फिर अंदर छिप गए। जैसे ही व्यापारी बाहर आए, आरोपियों ने उन्हें पकड़ लिया और मुंह दबाकर जमीन पर गिरा दिया।
शोर सुनकर व्यापारी की पत्नी बचाने आई, तो बदमाशों ने उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया और मारपीट की। आरोपी लगातार व्यापारी का गला दबाने और उसे काबू में करने की कोशिश करते रहे। पूरे घटनाक्रम के दौरान बच्चा रोता रहा और हाथ जोड़कर बदमाशों से अपने पिता को छोड़ने की अपील करता रहा।
करीब दो मिनट तक चली इस वारदात के बाद आरोपी घर में रखे दो मोबाइल फोन और कुछ जेवर लेकर फरार हो गए। पूरी घटना घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
घटना के दौरान शोर सुनकर कुछ राहगीर मौके पर पहुंचे, जिन्होंने एक आरोपी को पकड़ लिया। बाद में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक इस वारदात में कुल पांच आरोपी शामिल हैं और मामले में डकैती की धाराएं लगाई गई हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।











