बीज निगम ने किसानों को किया 42.67 करोड़ रुपये का अग्रिम भुगतान, 3,640 किसानों से 4,52,566 क्विंटल कच्चा बीज उपार्जित

छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड ने खरीफ वर्ष 2025 के दौरान किसानों से उपार्जित बीजों के लिए अब तक 42.67 करोड़ रुपये का अग्रिम भुगतान कर दिया है। प्रदेश के सभी बीज प्रक्रिया केंद्रों के माध्यम से 3,640 किसानों से कुल 4,52,566 क्विंटल कच्चा बीज उपार्जित किया गया।
उपार्जित बीजों में से 1,923 किसानों के 2,20,777.22 क्विंटल कच्चे बीज के लिए केंद्र शासन द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य का 80 प्रतिशत अग्रिम भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में किया गया। शेष किसानों के भुगतान का परीक्षण कर प्रक्रिया जारी है।
बीज निगम ने अग्रिम भुगतान प्रक्रिया को सरल बनाते हुए कच्चे बीजों के नमूना परीक्षण परिणाम मिलने के बाद मानक बीज मात्रा पर 80 प्रतिशत राशि का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया है। बीज मानक होने पर पैकिंग के बाद शेष 20 प्रतिशत राशि का भुगतान भी सीधे खातों में किया जाएगा। यदि बीज अमानक पाए जाते हैं तो किसानों को राज्य शासन की धान खरीदी योजना का लाभ मिलेगा।
पिछले वर्ष खरीफ 2024 में बीज निगम ने अनुमानित लक्ष्य 5,14,988 क्विंटल कच्चे बीज के लिए किसानों को 96.52 करोड़ रुपये अग्रिम रूप से और 3,96,457 क्विंटल पैक्ड बीज के लिए 29.51 करोड़ रुपये का अंतिम भुगतान किया था। इस प्रकार वर्ष 2024 में किसानों को उपार्जित बीजों के लिए कुल 126 करोड़ 3 लाख रुपये का भुगतान किया गया।











