खेत में बुजुर्ग की हत्या से सनसनी: कुल्हाड़ी के साथ मिला शव, फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड जांच में जुटे

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भटगांव थाना क्षेत्र के ग्राम जुनवानी में 70 वर्षीय बुजुर्ग किसान की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। खेत में खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात आरोपियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या की और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिलाईगढ़ एसडीओपी विजय ठाकुर ने बताया कि मृतक तुलसीराम टंडन (70) शुक्रवार सुबह (10 जुलाई) को अपने खेत की मेड़ पर तिल की बुवाई करने गए थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खेत पहुंचने पर उनका शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।

सीने में फंसी थी कुल्हाड़ी, आंखें भी फोड़ी गईं

परिजनों के मुताबिक, मृतक के सीने में कुल्हाड़ी फंसी हुई थी। वहीं उनकी दोनों आंखें भी फोड़ दी गई थीं। घटना की सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

शनिवार सुबह डॉग स्क्वायड, फॉरेंसिक टीम, साइबर सेल और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, लेकिन अब तक आरोपियों के संबंध में कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका है।

हत्या के कारणों की जांच जारी

पुलिस का कहना है कि फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा। भटगांव पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही अज्ञात आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com