राजस्थान: गैंजी स्कूल की निर्माणाधीन इमारत पर युवक-युवती के शव लटके मिले, क्षेत्र में सनसनी

डूंगरपुर: जिले के चौरासी थाना क्षेत्र के गैंजी गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब निर्माणाधीन भवन की छत से बाहर निकले लोहे के सरियों पर एक युवक और एक युवती के शव लटके हुए पाए गए. सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई. प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है.
थानाधिकारी भंवर सिंह राठौड़ ने बताया कि सुबह पुलिस को टेलीफोन के माध्यम से सूचना मिली कि स्कूल की नई बन रही बिल्डिंग की छत पर सरियों से युवक-युवती के शव लटके हुए हैं. सूचना पर थानाधिकारी भंवर सिंह राठौड़, वैजा चौकी प्रभारी हजारीलाल गुर्जर, कालूराम घोघरा सहित पुलिस दल मौके पर पहुंचा और घटनास्थल का जायजा लिया. इसके बाद दोनों की शिनाख्त के प्रयास शुरू किए गए.
पुलिस ने मृतक युवक की पहचान मनोज (22) पुत्र सुरेश खराड़ी निवासी पाकरोन के रूप में की है. उसके साथ लटकी मिली युवती धम्बोला थाना क्षेत्र के देवगांव की रहने वाली गीता (21) पुत्री बदा बारिया के रूप में  गई है. पुलिस ने दोनों के परिजनों को सूचना दे दी है. सूचना पर सीमलवाड़ा पुलिस उप अधीक्षक मदनलाल विश्नोई भी पहुंचे. घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य एकत्र किया.
जानकारी के अनुसार, मृतक युवक विवाहित था. एक फरवरी को वह घर में विवाद के बाद निकल गया था. उसकी एक बेटी भी है. युवक की पत्नी ने 17 फरवरी को चौरासी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
इधर स्कूल की प्रिंसिपल जशोदा कलासुआ ने बताया कि विद्यालय का समय सुबह 10 बजे का है. वर्तमान में परीक्षाएं चल रही हैं, हालांकि बुधवार को कोई परीक्षा निर्धारित नहीं थी. घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है. शव को जिला अस्पताल मोर्चरी में रखवाया. बुधवार दोपहर को मृतक युवक की लाश का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया. वहीं मृतका युवती के शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है. गुरुवार को पोस्टमार्टम होने की संभावना है. मृतका के परिजनों को सूचना के बावजूद वो मोर्चरी नहीं आए है. उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई हो सकेगी. मामले की जांच जारी है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
स्कूल परिसर में एक युवक ओर एक युवती द्वारा सामूहिक रूप से खुदकुशी करने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. वहीं स्कूल में रात्रि गश्त ओर रात्रि निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे है.

close