बीजापुर में युवक की हत्या का आरोप, प्रेमिका और साथियों पर गंभीर आरोप; कुएं में फेंकने के बाद इलाज के दौरान मौत

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक युवक की हत्या के मामले में शादीशुदा महिला और उसके साथियों पर गंभीर आरोप लगे हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि महिला ने युवक को अपने घर बुलाया, जहां पहले से मौजूद कुछ लोगों के साथ मिलकर उस पर जानलेवा हमला किया। गंभीर रूप से घायल युवक को कुएं में फेंक दिया गया। बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला मिरतुर थाना क्षेत्र का है और पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान दिलीप कडियम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दिलीप का पिछले करीब एक वर्ष से बीजापुर नगर पालिका में कार्यरत एक शादीशुदा महिला के साथ प्रेम संबंध था। बाद में उसे महिला के विवाहित होने की जानकारी मिली, लेकिन दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
परिजनों का आरोप है कि 5 जुलाई को महिला ने दिलीप को शांतिनगर स्थित अपने घर मिलने के लिए बुलाया था। वहां पहले से कुछ युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद होने पर आरोपियों ने पहले उसके सिर पर पत्थर से हमला किया और फिर धारदार हथियार से गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद उसे घायल अवस्था में पास के एक कुएं में फेंक दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों और परिजनों ने युवक को कुएं से बाहर निकालकर बीजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज डिमरापाल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिजनों ने महिला और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










