रामानुजगंज एनीकट में डूबते युवक की बची जान, स्थानीय युवकों और डायल-112 की तत्परता से टला बड़ा हादसा

बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर स्थित एनीकट में रविवार सुबह एक युवक डूबने से बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और डायल-112 पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से समय रहते युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, झारखंड के भंडारिया निवासी मनोहर सुबह करीब 8 बजे एनीकट के पास व्यायाम करने के बाद नहाने के लिए पानी में उतरा था। इस दौरान पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वह डूबने लगा। युवक को संघर्ष करते देख आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल सहायता के लिए शोर मचाया और डायल-112 को सूचना दी।
सूचना मिलने के कुछ ही मिनटों में डायल-112 की टीम मौके पर पहुंच गई। इसी बीच स्थानीय युवक मोहन दादा ने साहस का परिचय देते हुए बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी और डूब रहे युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर युवक को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई, जिससे उसकी हालत में सुधार आया।
घटना के बाद युवक पूरी तरह सुरक्षित बताया गया है। स्थानीय नागरिकों ने मोहन दादा की बहादुरी और डायल-112 की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि समय पर मदद मिलने से एक कीमती जान बचाई जा सकी। वहीं पुलिस ने भी लोगों से जलाशयों और एनीकटों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।










