व्हाट्सएप ट्रेडिंग ग्रुप के झांसे में युवक से 20 लाख की साइबर ठगी, मुनाफे का लालच देकर कराया निवेश

राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 20 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवती ने पहले पीड़ित को व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़कर निवेश का झांसा दिया। शुरुआती निवेश पर मुनाफा दिखाकर उसका विश्वास जीता गया और बाद में बड़ी रकम अलग-अलग किश्तों में निवेश करवा ली। जब पीड़ित ने अपनी जमा राशि और मुनाफा वापस मांगा तो आरोपी ने संपर्क तोड़ लिया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार खमतराई थाना क्षेत्र निवासी विशाल गोयल ने शिकायत में बताया कि 13 फरवरी 2026 को अनिका शर्मा नाम की युवती ने उन्हें व्हाट्सएप के माध्यम से एक लिंक भेजा। लिंक के जरिए उन्हें एक ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ा गया, जहां 30 दिनों में निवेश की रकम दोगुनी करने का दावा किया जा रहा था।

शिकायत के मुताबिक ग्रुप में लगातार मुनाफे के स्क्रीनशॉट और निवेश से होने वाले लाभ दिखाकर लोगों का भरोसा जीता जाता था। शुरुआत में कम राशि निवेश कराकर उस पर लाभ दिखाया गया, जिसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम लगाने के लिए प्रेरित किया गया।

पीड़ित ने झांसे में आकर पांच अलग-अलग किश्तों में कुल 20 लाख रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगी और अंततः उसका मोबाइल फोन बंद हो गया।

अपने साथ ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी के प्रकरण में मामला दर्ज कर बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल लेनदेन की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाने के लिए साइबर साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया, व्हाट्सएप ग्रुप या अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश संबंधी प्रस्तावों पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। कम समय में अधिक मुनाफा या रकम दोगुनी करने का दावा करने वाले ऑफर अक्सर साइबर ठगी का हिस्सा होते हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com