कोरबा: अमित बघेल के बयान पर कटघोरा के सिंधी और अग्रवाल समाज का रैली निकालकर विरोध-प्रदर्शन, FIR की मांग

कोरबा: जोहार छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमित बघेल के विवादित बयान ने प्रदेश में बवाल खड़ा कर दिया है. अग्रवाल और सिंधी समाज ने इस बयान का तीखा विरोध करते हुए सड़क से लेकर थाना तक मोर्चा खोल दिया है, जिसका असर कोरबा जिले के कटघोरा में भी देखने को मिला. जहाँ अग्रसेन भवन से बड़ी संख्या में अग्रवाल और सिंधी समाज के लोग एकजुट होकर रैली निकालते हुए थाना परिसर पहुंचे.
यहाँ उन्होंने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए अमित बघेल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की. दरअसल छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति खंडन के बाद विरोध करने पहुचे जोहार छत्तीसगढ़ व छत्तीसगढ़ी क्रांति सेना ने अग्रवाल व सिंधी समाज पर आरोप लगाया था. कहा की आज यह समाज सामने क्यों नही आ रहा है, ज़ब छत्तीसगढ़ महतारी के मूर्ति को खंडन किया गया. इसी दौरान अमित बघेल ने समाज के भगवान पर अभद्र टिप्पणी कर डाली. इसके बाद अग्रवाल व सिंधी समाज ने कार्यवाही की मांग की है.
समाज में विभाजन पैदा करने वाला बयान
समाज ने अमित बघेल के बयान को अत्यंत आपत्तिजनक बताया. उन्होंने कहा कि ऐसे बयान समाज में विभाजन पैदा करते हैं और यह हिन्दू समाज को तोड़ने की साजिश है. समाज के अनुसार, इस बयान में महाराजा अग्रसेन जी और भगवान झूलेलाल को निशाना बनाया गया है.

अग्रवाल समाज ने आरोप लगाया कि यह बयान राजनीति से प्रेरित है. समाज ने चेतावनी दी कि यदि ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होती है, तो उनका मनोबल बढ़ेगा और भविष्य में अन्य नेता भी किसी भी समाज के अग्रज के खिलाफ विवादित बयानबाजी करेंगे, जिससे नफरत का माहौल फैलेगा.
अग्रवाल समाज और सिंधि समाज को बनाया निशाना
बता दें कि अमित बघेल ने मीडिया में भगवान श्रीराम के वंशज महाराजा अग्रसेन जी को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था. उन्होंने सिंधी समाज के भगवान झूलेलाल, भाजपा के प्रेरणास्रोत श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीनदयाल उपाध्याय के बारे में भी विवादित टिप्पणियां की थीं. इन बयानों के कारण पूरे प्रदेश में अग्रवाल समाज, सिंधी समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष है. समाज ने अमित बघेल के खिलाफ तत्काल कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है.











