6 दिन तक मां की लाश के साथ रहे बेटा-बेटी, बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस बुलाई, बच्चे बोले- मां सो रही है

ग्वालियर। लश्कर स्थित टोपी मार्केट में रहने वाली 70 वर्षीय वृद्धा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनके पति का निधन हो चुका है। बेटा और बेटी भी मानसिक रूप से इतने अस्वस्थ हैं, उन्हें पता ही नहीं लगा- माँ कब मर गई, कैसे मौत हुई। जब पुलिस शव पोस्टमार्टम हाउस ले जा रही थी, तभी दोनों कहने लगे- माँ सो रही हैं, इन्हें कहां ले जा रहे हो। फ़िलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाकर मर्ग कायम किया है।
पड़ोसियों को दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा
टोपी मार्केट में चेला जी का अखाड़ा इलाके में 70 वर्षीय वृद्धा उर्मिला पत्नी स्व. सुरेंद्र सिंह भदौरिया अपने बेटा और बेटी के साथ रहती थीं। बेटा-बेटी की उम्र भी 30 से 40 वर्ष के बीच है। दोनों मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। उर्मिला शासकीय गोरखी स्कूल में क्लर्क थीं। पति के निधन के बाद उन्हें अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। दो दिन से उनके घर का दरवाजा नहीं खुला। दोनों बेटा और बेटी अंदर थे। वह घर से बाहर नहीं निकले। जब पड़ोसियों को दुर्गंध आई तब पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दरवाजा खुलवाया, तब अंदर देखा तो उर्मिला की लाश पड़ी थी।
“मां को मत ले जाओ, वो गहरी नींद में सो रही हैं”
जब पुलिस उर्मिला के शव को पोस्टमार्टम हाउस ले जाने के लिए बिस्तर से उठवा रही थी, तब उर्मिला के बेटा-बेटी बिलखने लगे। वह बार-बार कह रहे थे, मां सो रही है। उसे कहां ले जा रहे हो? वो तो सो रही है। यह दृश्य जिसने देखा, उसके आंसू निकल पड़े।
दो से तीन दिन पुरानी लाश, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस जब यहां पहुंची तो पूरे घर में दुर्गंध भरी थी। लाश सड़ने लगी थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिस अवस्था में लाश मिली है, उससे दो से तीन दिन पहले मौत हो चुकी है। मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

close