मानसूनी समस्याओं पर आज नगर निगम की विशेष बैठक, जलभराव और सफाई व्यवस्था पर होगा मंथन

रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में आज शहर में मानसून के दौरान उत्पन्न हुई समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। बैठक का मुख्य एजेंडा जलभराव, सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई, सड़क मरम्मत और बारिश के दौरान नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने से जुड़े मुद्दे हैं।

राजधानी में मानसून की पहली बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव, जाम नालों और खराब सफाई व्यवस्था की शिकायतें सामने आने के बाद यह विशेष बैठक बुलाई गई है। बैठक में पार्षद अपने-अपने वार्डों की समस्याएं रख रहे हैं, जबकि विपक्ष नगर निगम की तैयारियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है।

बैठक के दौरान महापौर ने कहा कि विशेष सामान्य सभा का उद्देश्य राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि शहरवासियों को मानसून के दौरान होने वाली परेशानियों का समाधान तलाशना है। उन्होंने सभी पार्षदों से रचनात्मक सुझाव देने की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा।

बैठक शुरू होने से पहले विपक्ष ने भी नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पूर्व महापौर और कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे ने कहा कि सफाई व्यवस्था और जलभराव जैसी समस्याएं नगर निगम की नियमित जिम्मेदारी हैं, ऐसे मुद्दों पर विशेष सामान्य सभा बुलाना प्रशासनिक तैयारियों पर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

गौरतलब है कि इससे पहले आयोजित नगर निगम की बैठकों में भी कई मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और विरोध प्रदर्शन देखने को मिले थे। ऐसे में आज की विशेष सामान्य सभा के दौरान भी विभिन्न मुद्दों पर तीखी चर्चा और हंगामे की संभावना जताई जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com