अपराध पर सख्ती: जबलपुर में एसपी ने थाना प्रभारियों की ली क्लास

जबलपुर : जिले में अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर पुलिस कप्तान संपत उपाध्याय ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम में अपराध समीक्षा बैठक ली.बैठक के दौरान कई थाना प्रभारियों के कमजोर प्रदर्शन पर कप्तान का सख्त रुख देखने को मिला.खास तौर पर सिविल लाइंस टीआई अनूप नामदेव को उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो अगली समीक्षा बैठक में शामिल होने की स्थिति भी नहीं रहेगी.
बैठक में शहर, ग्रामीण और अपराध शाखा के एएसपी सहित सभी सीएसपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी उपस्थित रहे.इस दौरान कप्तान उपाध्याय ने लंबित अपराधों और पुलिस की कार्यप्रणाली की थानावार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
गंभीर अपराधों की थानावार समीक्षा-
बैठक में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, झपटमारी, नकबजनी, एससी-एसटी एक्ट और महिला संबंधी अपराधों की विस्तार से समीक्षा की गई। एसपी ने लंबित मामलों में तेजी लाने और शीघ्र विवेचना पूरी कर आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश करने के निर्देश दिए। उन्होंने संपत्ति संबंधी अपराधों में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी पर भी जोर दिया.
गुमशुदा नाबालिगों की तलाश प्राथमिकता-
कप्तान उपाध्याय ने अपहृत या गुम अवयस्क बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि हर संभव प्रयास कर उनकी तलाश सुनिश्चित की जाए। यदि किसी नाबालिग के जिले से बाहर होने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस टीम गठित कर भेजी जाए और शीघ्र बरामदगी की कार्रवाई की जाए.
स्थाई वारंट और फरार आरोपियों पर शिकंजा-
बैठक में कप्तान उपाध्याय ने स्थाई वारंटों की तामील बढ़ाने और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जिले से बाहर छिपे आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाकर कार्रवाई करने और आवश्यक होने पर इनाम घोषित करने को भी कहा गया.
सोशल मीडिया और यातायात पर निगरानी-
कप्तान उपाध्याय ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, हथियारों का प्रदर्शन और वाहनों पर स्टंट कर वीडियो अपलोड करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही शाम के समय बाजार क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग कर अवैध अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा.
शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई-
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रमुख चौराहों पर बैरिकेड लगाकर ब्रीथ एनालाइजर से जांच करने के निर्देश दिए गए। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया भी शुरू करने के निर्देश कप्तान ने दिए.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close