मध्य प्रदेश: रीवा में यातायात थाना प्रभारी का ‘टशन’ वायरल, DGP के आदेशों की उड़ीं धज्जियां… देखें वीडियो

रीवा: मध्य प्रदेश पुलिस के मुखिया DGP की सख्त हिदायत और अनुशासन के दावों को रीवा पुलिस ने एक बार फिर हवा में उड़ा दिया है. सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में यातायात थाना प्रभारी ने न केवल वर्दी की गरिमा को दांव पर लगाया, बल्कि पुलिस मुख्यालय के स्पष्ट आदेशों को भी ठेंगा दिखा दिया.

सरकारी गाड़ी बनी स्टूडियो, मैडम का दिखा ‘टशन’

ताजा मामला रीवा शहर में यातायात थाना प्रभारी का सामने आया है। वायरल वीडियो में थाना प्रभारी अनिमा शर्मा सरकारी वाहन के भीतर बैठकर फिल्मी अंदाज में रील बनाती नजर आ रही हैं. पूरी वर्दी और सरकारी संसाधनों का उपयोग जिस तरह से निजी मनोरंजन और सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने के लिए किया गया, उसने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

DGP की मनाही के बाद भी नहीं थम रहा मोह

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश डीजीपी ने कुछ समय पहले ही सख्त निर्देश जारी किए थे जिसके बाद रीवा जोन के IG गौरव सिंह राजपूत ने भी पुलिस कर्मी और पुलिस अधिकारियो को भी सख्त निर्देश दिए गए थे की कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान या वर्दी पहनकर रील या किसी भी तरह का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा नहीं करेगा. मगर इसके बावजूद, रीवा में यातायात थाने की कमान संभालने वाली अधिकारी अनिमा शर्मा द्वारा नियमों को ताक पर रखना यह दर्शाता है कि पुलिस प्रशासन में अनुशासन का स्तर क्या है.

सोशल मीडिया पर आक्रोश, कार्रवाई का इंतजार

रीवा में रील बनाने के चक्कर में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी कई कर्मचारी रील प्रेम के कारण ‘नप’ चुके हैं। वीडियो वायरल होने के बाद आम जनता सोशल मीडिया पर सवाल उठा रही है कि क्या नियम सिर्फ छोटे कर्मचारियों के लिए हैं.

अब जिले के आला अधिकारियों की चुप्पी और उनकी कार्यप्रणाली पर भी उंगलियां उठ रही हैं. देखना दिलचस्प होगा कि इस ‘रील कांड’ के बाद विभाग की छवि धूमिल करने वाली अधिकारी पर क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाती है.

close