बीएलओ ड्यूटी से इंकार करने पर शिक्षिका निलंबित, मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही पर कार्रवाई तेज

बिलासपुर में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) का कार्य करने से इनकार करने पर स्वामी आत्मानंद महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की शिक्षिका कविता बनर्जी को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने 7 नवंबर को शिक्षिका कविता बनर्जी को BLO ड्यूटी के लिए आदेश जारी किया था। लेकिन शिक्षिका ने इस आदेश का पालन करने से मना कर दिया। इसके बाद 15 नवंबर को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी बिलासपुर द्वारा प्रस्ताव भेजा गया, जिसके आधार पर कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से निलंबन आदेश जारी किया। निलंबन अवधि में उन्हें बिल्हा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अटैच किया गया है।

जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 4 नवंबर से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए 3800 अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अभियान के तहत जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में 1,815 मतदान केंद्रों को आधार बनाकर BLO घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन, संशोधन और नए मतदाताओं का पंजीकरण कर रहे हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि BLO ड्यूटी अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि मतदाता सूची का सटीक होना चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता के लिए आवश्यक है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अभियान में लगे कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी रखें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में किसी भी तरह की देरी या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और आवश्यक होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान दिसंबर तक जारी रहेगा, जिसमें पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने, त्रुटियों को सुधारने और मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया की जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है ताकि मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com