मुंगेली में मंदिर चोरी का खुलासा: मां महामाया के आभूषण बरामद, पूछताछ में दो और वारदातें सामने आईं

मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में मंदिरों से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। लालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कंतेली स्थित आदि श्री महामाया मंदिर में हुई चोरी की जांच के दौरान पुलिस ने न सिर्फ इस वारदात का खुलासा किया, बल्कि वर्ष 2025 में कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिर और हाल ही में कबीरधाम जिले के सिल्हाटी महादेव मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी भी सुलझा ली। पुलिस ने कुल 1.75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28-29 जून 2026 की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने कंतेली स्थित आदि श्री महामाया मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में प्रवेश किया और देवी प्रतिमा पर चढ़े चांदी के मुकुट, करधन, माला, सोने का मंगलसूत्र सहित अन्य धार्मिक आभूषण चोरी कर लिए थे। मामले में लालपुर थाने में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से मिला पहला सुराग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, एसडीओपी माधुरी धिरही और डीएसपी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल और लालपुर पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण व मुखबिर तंत्र की मदद से अश्वनी आहिरे तक पहुंच बनाई।
पुलिस पूछताछ में पहले आरोपी ने गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद उसने अपने जीजा मंजीत पुरले और साथी पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
पूछताछ में खुली दो और मंदिर चोरी की वारदात
आरोपी ने खुलासा किया कि इसी गिरोह ने वर्ष 2025 में ग्राम कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिर से भी करीब 96 हजार रुपये के आभूषण चोरी किए थे। इतना ही नहीं, कबीरधाम जिले के सिल्हाटी महादेव मंदिर में हुई हालिया चोरी की वारदात को भी इसी गिरोह ने अंजाम दिया था।
1.75 लाख के आभूषण बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पप्पू गोस्वामी की मां चंपाबाई गोस्वामी के कब्जे से चोरी के सभी आभूषण बरामद कर लिए। बरामद सामान में चांदी के मुकुट, करधन, माला, ढार, चांदी के टुकड़े, सोने की पत्तियां समेत अन्य धार्मिक आभूषण शामिल हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.75 लाख रुपये आंकी गई है।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो पहले से जेल में
पुलिस ने अश्वनी आहिरे (24) और चंपाबाई गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, गिरोह के अन्य आरोपी मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी पहले से ही एक अन्य मामले में पोड़ी जेल में बंद हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।











