धर्मांतरण के आरोप पर नारायणपुर में तनाव, ग्रामीणों और दूसरे पक्ष के बीच झड़प, पुलिस ने संभाला मोर्चा

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में धर्मांतरण के आरोपों को लेकर सोमवार रात तनावपूर्ण स्थिति बन गई। ग्रामीणों के विरोध के बाद दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया, जिसके चलते मारपीट की घटना सामने आई। घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं, जबकि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

ग्रामीणों के विरोध के बाद बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम ‘प्रेस’ लिखी एक गाड़ी में सवार कुछ लोग भरंडा गांव पहुंचे थे। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और आदिवासी समुदाय के लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मारपीट में कई लोग घायल

विरोध के दौरान ग्रामीणों और दूसरे पक्ष के कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। घटना में महिला सहित दो से तीन लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

जांच जारी, गांव में सुरक्षा बढ़ाई गई

घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया। पुलिस का कहना है कि धर्मांतरण के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com