कोरबा: बड़े भाई को बचाने के लिए जान जोखिम में डालने वाले पवन सिंह का शव मिला, हसदेव नदी में बह गया था

कोरबा:छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में राताखार एनीकट डैम में शनिवार को डूबे 19 वर्षीय युवक पवन सिंह का शव आज, रविवार सुबह बरामद कर लिया गया है।
पवन ने अपने बड़े भाई श्याम सिंह को डैम के तेज बहाव से बचाने के लिए पानी में छलांग लगाई थी, जिसके बाद वह खुद लापता हो गया था। उसका शव सर्वमंगला मंदिर के निकट हसदेव नदी तट पर मिला।
सर्वमंगला चौकी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह हृदय विदारक घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजे घटी।पवन सिंह अपने दोस्तों और परिवार के कुछ सदस्यों के साथ डैम के किनारे पिकनिक मना रहा था। नहाने के दौरान उसके बड़े भाई श्याम सिंह गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे।
श्याम को डूबते देख पवन ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी। दोस्तों की मदद से श्याम को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन पवन तेज धारा में बह गया और लापता हो गया।
डैम का जलस्तर ऊंचा होने और तेज बहाव के कारण शनिवार को बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण रहा। दर्री थाना स्टाफ, नगर सेना की गोताखोर टीम और स्थानीय प्रशासन ने रात भर तलाश अभियान चलाया।
रविवार सुबह सर्वमंगला मंदिर के सामने छठ घाट पर कुछ लोगों ने नदी में एक बहते हुए शव को देखा। बहाव तेज होने के बावजूद डोंगा (छोटी नाव) चला रहे कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई और शव को किनारे लाने में सफलता हासिल की।
भाई मजदूरी कर करता था परिवार की मदद
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान लापता युवक पवन सिंह के रूप में की गई। जानकारी मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था। पवन के बड़े भाई गणेश सिंह ने बताया कि पवन परिवार में सबसे छोटा था और मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था।
सर्वमंगला चौकी प्रभारी ने बताया कि शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंपने और आगे की आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।










