धुरंधर 2 के क्रेज ने बदली 31 साल पुरानी परंपरा, मराठा मंदिर में DDLJ का शो टाइम बदला

मुंबई के मशहूर मराठा मंदिर थिएटर में 31 साल से चली आ रही परंपरा में पहली बार बदलाव किया गया है। शाहरुख खान और काजोल की फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का तय समय बदल दिया गया है, जिसकी वजह रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ का जबरदस्त क्रेज है।

अब तक रोज सुबह 11:30 बजे दिखाई जाने वाली DDLJ को अब 10 बजे शिफ्ट किया गया है। इसके बाद थिएटर में ‘धुरंधर 2’ के शो लगातार चलाए जाएंगे। फिल्म की लंबी अवधि और भारी मांग के चलते यह बदलाव करना पड़ा है।

‘धुरंधर 2’ का रन टाइम करीब 3 घंटे 55 मिनट बताया जा रहा है, जिसके कारण सिनेमाघरों को अपने शेड्यूल में बदलाव करना पड़ रहा है। फिल्म को लेकर दर्शकों में इतना उत्साह है कि कई शहरों में 24 घंटे स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई है। मल्टीप्लेक्स में देर रात और सुबह के शो भी चलाए जा रहे हैं।

‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ पिछले तीन दशकों से मराठा मंदिर में लगातार दिखाई जा रही है और यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। ऐसे में इस फिल्म के शो टाइम में बदलाव को एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

फिल्म ‘धुरंधर 2’ को लेकर एडवांस बुकिंग में भी जबरदस्त प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लाखों टिकट पहले ही बिक चुके हैं और देशभर में इसके शो की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है।

close