सूरजपुर पुलिस ने खोला बड़ा राज! पिकअप में ठूंस-ठूंसकर भरे थे मवेशी, 2 तस्कर गिरफ्तार

सूरजपुर: अंबिकापुर से उत्तरप्रदेश की ओर जा रही एक संदिग्ध पिकअप वाहन ने उस वक्त सनसनी फैला दी, जब चंदौरा पुलिस ने नाकाबंदी कर उसे रोका और भीतर का मंजर देखकर सभी हैरान रह गए. वाहन में क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरे गए मवेशी मिले, जिनमें से एक की मौत भी हो चुकी थी. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इस मामले में दो मवेशी तस्करों को गिरफ्तार कर लिया और करीब 1 लाख 50 हजार रुपये के मवेशी व पिकअप वाहन जप्त कर लिया.
दरअसल, डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के सख्त निर्देश के बाद जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है. इसी कड़ी में थाना चंदौरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन क्रमांक यूपी 24 एटी 5022 में अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी की जा रही है और उन्हें अंबिकापुर से उत्तरप्रदेश ले जाया जा रहा है.
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और चंदौरा चौक पर घेराबंदी कर दी गई. कुछ देर बाद जैसे ही संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोक लिया. तलाशी के दौरान वाहन में सवार दो युवकों से पूछताछ की गई, जिनकी पहचान भूप सिंह (22 वर्ष) निवासी फिरोजपुर, थाना बिसौली, जिला बदायूं (उ.प्र.) और वसीम (20 वर्ष) निवासी खैरी, थाना बिल्सी, जिला बदायूं (उ.प्र.) के रूप में हुई.
जब वाहन की जांच की गई तो अंदर का नजारा बेहद दर्दनाक था. वाहन में 4 जीवित भैंसे और 1 मृत भैंसा ठूंसकर भरे गए थे. मवेशियों के साथ की गई यह अमानवीयता साफ दिखाई दे रही थी. पुलिस ने आरोपियों से मवेशियों के परिवहन और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके.
इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन और मवेशियों को जप्त कर लिया और आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(घ) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया.
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चंदौरा लक्ष्मण सिंह धुर्वे, एएसआई नीलकुसुम बेक एवं उनकी टीम की अहम भूमिका रही. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में मवेशी तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और इस तरह के मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई से अवैध कारोबार पर निश्चित रूप से लगाम लगेगी. वहीं पुलिस ने भी साफ संकेत दिया है कि कानून के खिलाफ जाने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.











