मैहर में दर्दनाक हादसा: ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण

मैहर: जिले के डेल्हा मोड़ पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 91 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई. तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रक ने मवेशी चराने जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी और उन्हें करीब 5 मीटर तक घसीटता ले गया. हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे स्टेट हाईवे-11 पर करीब ढाई घंटे तक यातायात ठप रहा.

मवेशी चराने निकले थे, बेकाबू ट्रक बना काल

जानकारी के अनुसार, ग्राम सोनवारी निवासी बंसगोपाल साहू (91) रोज की तरह सुबह मवेशी चराने निकले थे. जैसे ही वे डेल्हा मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रक (MP 19 HA 8053) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक नियंत्रण खो बैठा. टक्कर इतनी भयावह थी कि बुजुर्ग ट्रक के नीचे फंसकर दूर तक घिसटते चले गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

आक्रोशित परिजनों ने किया चक्काजाम

हादसे की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. गुस्साए लोगों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. चक्काजाम के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

ग्रामीणों की प्रमुख मांगें

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखीं. पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए, क्षेत्र में ओवरलोड ट्रकों के प्रवेश पर रोक लगे, रिहायशी इलाकों और मोड़ों पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, डेल्हा मोड़ को ‘नो एंट्री’ जोन घोषित किया जाए.

पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही मैहर टीआई अनिमेष द्विवेदी और सीएसपी महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों को समझाइश दी. डेल्हा सरपंच अभिषेक जैसवाल और सोनवारी सरपंच रमाकांत उपाध्याय भी मौके पर मौजूद रहे. जनप्रतिनिधियों ने प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाते हुए ओवरलोड वाहनों पर सख्ती की मांग की.

आश्वासन के बाद खुला जाम

काफी देर तक चली बातचीत के बाद प्रशासन द्वारा उचित मुआवजे और आवश्यक कार्रवाई के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त किया. इसके बाद करीब ढाई घंटे बाद यातायात बहाल हो सका. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com