जंगल में एक ही फंदे पर लटके मिले युवक-युवती के शव : बाइक से पहुंचे थे दोनों, युवती की पहचान अब तक नहीं

सरगुजा/सूरजपुर, 25 अगस्त 2026। सरगुजा-सूरजपुर जिले की सीमा से लगे जंगल में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक पेड़ पर युवक और युवती के शव एक ही फंदे से लटके मिले। दोनों शव कल्याणपुर के कोटबहरा जंगल में मिले हैं। घटना सूरजपुर जिले के लटोरी चौकी क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह कुछ लोग जंगल में खुखड़ी बीनने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर फंदे से लटके युवक-युवती के शवों पर पड़ी। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही लटोरी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
मृत युवक की पहचान ग्राम खड़गवां कला निवासी मूलचंद्र के रूप में हुई है, जबकि युवती की पहचान अभी नहीं हो सकी है। दोनों ने युवती की चुन्नी से बने एक ही फंदे का इस्तेमाल किया था। इसी आधार पर पुलिस प्रथम दृष्टया दोनों के प्रेमी युगल होने की आशंका जता रही है।
घटनास्थल पर मिली बाइक
पुलिस को घटनास्थल के पास एक HF डिलक्स बाइक भी मिली है, जिसका नंबर CG 15 DG 3422 बताया गया है। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक-युवती इसी बाइक से जंगल पहुंचे होंगे। पुलिस बाइक और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
युवती की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस के मुताबिक, शवों की स्थिति को देखते हुए आशंका है कि दोनों ने सोमवार को फांसी लगाई होगी। युवती के पास पहचान संबंधी कोई दस्तावेज मिलता है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि दोनों सूरजपुर या सरगुजा जिले के रहने वाले हो सकते हैं।
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। टीम की जांच के बाद शवों को नीचे उतारकर पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
लटोरी चौकी प्रभारी सुनील सिंह ने बताया कि जंगल में युवक-युवती के शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।











