खाकी के साये में हुआ अंतिम संस्कार और गांव में पसरा सन्नाटा, शिक्षिका की संदिग्ध मौत के बाद अब बाकी आरोपियों की तलाश तेज

जसवंतनगर : क्षेत्र के गांव उतरई में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई शिक्षिका की मौत के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। सोमवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया.पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, परिजनों का विलाप सुनकर हर आंख नम हो गई. छोटे भाई ने मुखाग्नि दी तो वहां मौजूद लोग खुद को संभाल नहीं सके। गांव की बेटी की असामयिक मौत से आहत ग्रामीणों ने होली जैसे उल्लासपूर्ण पर्व पर भी चूल्हे नहीं जलाए—हर तरफ मातम पसरा रहा.
थाना मटसेना क्षेत्र के गांव उजीरपुर आनंदीपुर निवासी रामअवतार शर्मा की पुत्री सोनी शर्मा की शादी वर्ष 2022 में उतरई निवासी शिवकिशोर दीक्षित से हुई थी.सोनी महलई गांव के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। उनके पति फिरोजाबाद जनपद के मदनपुर व अरांव ब्लॉक में एडीओ पंचायत के पद पर तैनात हैं.
परिजनों के अनुसार, शनिवार देर शाम सोनी संदिग्ध अवस्था में फांसी पर लटकी मिलीं.ससुरालीजन उन्हें ट्रॉमा सेंटर, फिरोजाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.सूचना मिलने पर मायका पक्ष भी पहुंच गया। घटना के बाद पति सहित अन्य ससुरालीजन मौके से फरार हो गए.
रविवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया.सोमवार को देर शाम साढ़े नौ बजे अंतिम संस्कार किया गया.मृतका के छोटे भाई सचिन शर्मा ने मुखाग्नि दी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए एहतियातन गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा.
मृतका के बड़े भाई शिवकुमार ने बताया कि जसवंतनगर थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है.परिजनों ने सभी दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.











