प्रेमिका ने प्रेमी को रायबरेली बुला जबरन कराया खतना, नाखून उखाड़े और करंट के दिए झटके: 3 साल तक बंधक बनाकर…

रायबरेली: यूपी के रायबरेली से प्यार में धोखे और जबरन धर्मांतरण की एक ऐसी कहानी सामने आ रही है जिसे सुनकर हर कोई हैरान रह जा रहा है. यह कहानी है दुबई में काम करने वाले एक युवक की. युवक का कहना है कि रायबरेली की उसकी प्रेमिका ने पहले उसे अपने जाल में फंसाया फिर रायबरेली बुलाकर परिवार संग मिलकर उसका जबरन धर्मान्तरण करा दिया. युवक को लंबे समय तक बंधक बनाकर रखा गया.
इस दौरान उसका जबरन खतना कराया गया. फिर जबरदस्ती ही निकाह भी कराया गया. युवक ने भागने की कोशिश की तो बेरहमी की हद करते हुए उसके हाथ और पैर के नाखून तक उखाड़ लिए गए. युवक का कहना है कि वह किसी तरह वहां से निकलकर बलरामपुर अपने घर पहुंचा. युवक की तहरीर पर कोतवाली नगर में उसकी प्रेमिका और दो परिवारीजनों समेत तीन लोगों के खिलाफ धर्मान्तरण समेत कई अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.बलरामपुर के पहलवारा मोहल्ला निवासी पीड़ित भूपेन्द्र प्रताप चौहान ने कोतवाली नगर में तहरीर देकर यह आरोप लगाया कि वह वर्ष 2019 में काम के सिलसिले में दुबई गया था. इसी दौरान वर्ष 2021 में व्हाट्सप कॉल के जरिये उसकी पहचान रायबरेली के बछरावां क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली इस लड़की से हो गई.
पीड़ित का आरोप है कि युवती ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया. वह बार-बार उसे रायबरेली बुला रही थी।दुबई से लौटने पर भूपेन्द्र अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए रायबरेली उसके गांव पहुंच गया। प्रेमिका के गांव पहुंचते ही उसे एक कमरे में बंधक बना लिया गया। करीब एक महीने तक उसे बाहर नहीं निकलने दिया गया। इस दौरान उसके ऊपर इस्लाम धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाया गया। पीड़ित ने बताया के प्रेमिका के चाचा और एक परिवार के एक अन्य सदस्य साजिश में शामिल रहे जो उसे विभिन्न माध्यमों से प्रताड़ित करते रहे.
हाथ-पैर के नाखून उखाड़े, करंट भी लगाया
भूपेन्द्र प्रताप चौहान के मुताबिक वर्ष 2022 में जबरन उसका खतना कराया गया और मौलाना को बुलाकर उसका धर्मान्तरण कराकर जबरन निकाह करा दिया गया. इस दौरान उसका नाम भी बदल दिया गया। जब उसने भागने की कोशिश की तो प्रेमिका और उसके परिजनों ने उसे प्रताड़ित किया. हाथ पैर के नाखून उखाड़े गए. बिजली का करंट भी लगाया गया. उसे जान से मारने की धमकी तक दी गई.
30 जनवरी को भागकर पीड़ित पहुंचा बलरामपुर
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे लगातार बंधक बनाकर रखा गया था। वहां से निकलने के हर प्रयास को प्रेमिका और उसके परिजन विफल कर दे रहे थे. फिर भी वह चकमा देकर 30 जनवरी 2026 को वहां से निकल कर बलरामपुर पहुंचा. पीड़ित युवक ने अपने घर वालों को आपबीती बताई. उसने बताया कि इन सबके बावजूद प्रेमिका लगातार फोन कर वापस आने का दबाव बना रही है. वापस न आने पर जान से मारने की धमकी भी दे रही है. पीड़ित ने यह भी बताया कि इन सभी आरोपितों का एक संगठित गिरोह है. जो एक संस्था के माध्यम से कई लोगों का धर्मान्तरण करा चुका है. पीड़ित पक्ष ने कोतवाली नगर में तहरीर दी, जिसके बाद धर्मान्तरण सहित विभिन्न धाराओं में प्रेमिका और उसके दो परिजनों समेत तीन लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है.
क्या बोली पुलिस
बलरामपुर नगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है. बेहद गंभीर मामला है, जिसकी गहनता से जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी. किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा.











